Breaking News

सुशील कुमार को बीजिंग में हराने वाले आंद्रेई प्रो लीग में होंगे कोच

khel7-1नई दिल्ली। बीजिंग ओलंपिक में भारत के सुशील कुमार को हराने वाले पहलवान यूक्रेन के आंद्रेई स्टैडनिक इस वर्ष प्रो कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) में कोच की भूमिका में दिखाई दे सकते हैं।

आठ वर्ष पहले आंद्रेई से हारने के साथ ही सुशील की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गई थीं और उन्होंने रेपिचेज राउंड में जीत दर्ज कर कांस्य पदक हासिल किया था।

आंद्रेई की पत्नी मारिया स्टैडनिक ने बताया कि आंद्रई अभी भी कुश्ती से जुड़े हुए हैं। वह अजरबेजान के एक केंद्र में कुश्ती की कोचिंग देते हैं, जहां वह खुद भी अपने पति से कोचिंग लेती हैं।

आंद्रेई की बहन याना रैटिगन पीडब्ल्यूएल के पहले सीजन में पंजाब रॉयल्स से खेली थीं। बीजिंग में मारिया को कांस्य और आंद्रेई को रजत पदक मिला था। इसके बाद मारिया ने लंदन और रियो ओलंपिक में रजत पदक जीता। दोनों ही बार उन्हें जापान की पहलवानों ने शिकस्त दी। पिछले दिनों रियो में मारिया जापान की ओसाका के खिलाफ बढ़त के बावजूद स्वर्ण पदक से चूक गई थीं।

मारिया का अगले दस साल तक अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में टॉप तीन में रहने का इरादा है। मारिया साफ तौर पर कहती हैं कि जो लोग शादी की बात कहकर कुश्ती छोड़ने की मजबूरी जाहिर करती हैं, वह सिर्फ बहाना बनाती हैं।

मारिया ने प्रो लीग के दूसरे सत्र के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि दुनिया के शीर्ष पहलवानों को एक मंच पर लाना कुश्ती की बेहतरी के लिए एक बड़ा कदम है।