Breaking News

शत्रुघ्न सिन्हा ने फिर से वरुण गांधी को यूपी में बीजेपी का चेहरा बताया

19 shatrughn-sinhawww.puriduniya.com पटना। बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर वरुण गांधी का नाम उत्तर प्रदेश में पार्टी के चेहरे के रूप में पेश किया है। प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। एक पुस्तक के विमोचन में शत्रुघ्न ने कहा, ‘यह मेरे व्यक्तिगत विचार हैं, पार्टी के नहीं। वह (वरुण) युवा, अच्छे और प्रतिबद्ध पार्टी नेता हैं।’

पटना साहिब से सांसद ने हालांकि कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में किसी का नाम आगे लाना है या नहीं यह फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वरुण को चेहरा बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘संसदीय बोर्ड का फैसला मेरे लिए अंतिम होगा।’ राजनीतिक रूप से संवेदनशील उत्तर प्रदेश में अक्सर वरुण गांधी को पार्टी का चेहरा बनाए जाने का समर्थन करने वाले शत्रुघ्न ने कहा कि वह वरुण की तुलना भाजपा के किसी अन्य नेता के साथ नहीं कर रहे हैं, क्योंकि पार्टी में और कई नेता हैं जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के योग्य हैं।

सांसद ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को भी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए समान रूप से योग्य उम्मीदवार बताया। शत्रुघ्न ने सवाल किया, ‘राजनाथ सिंह मेरे करीबी मित्र हैं। वह सभी महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने पार्टी कार्यकर्ता के रूपमें काम किया है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। राजनाथ सिंह से बेहतर कौन हो सकता है।’ उन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी के महत्वपूर्ण नेताओं के रूपमें अन्य लोगों के साथ-साथ प्रदेश पार्टी प्रमुख केशव प्रसाद मौर्य और गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ का भी नाम लिया।