Breaking News

गमजदा बहनों ने भाई के शव पर ही बांधी राखी, फूटा आक्रोश

murder_danapur.slideपटना। बीजेपी ने आज बिहार के दानापुर में अपने नेता अशोक जायसवाल की हत्या के विरोध में बंद का ऐलान किया है। जायसवाल के शव को सड़क पर रख कर पार्टी ने प्रदर्शन भी किया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पुलिस और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

उस वक्त माहौल और गमगीन हो गया जब जायसवाल की बहनों ने उनके शव पर ही राखी बांधी। अशोक जायसवाल के परिवारवालों ने हत्या के लिए पुलिस और सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।

बीती रात अशोक जायसवाल की दानापुर में उनके घर के बाहर ही गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। जायसवाल तिरंगा यात्रा से लौट कर आए थे जब तीन बदमाशों ने उन्हें 9 एम एम पिस्टल से 4 गोलियां मारीं। अस्पताल ले जाते हुए ही उनकी मौत हो गई। जायसवाल की बहू का आरोप है कि हत्या के पीछे उसी के पिता और चाचा का हाथ है।

दरअसल जायसवाल के बेटे ने अंतर्जातीय विवाह किया है, और बहू का परिवार इस विवाह से खुश नहीं बताया जाता। जायसवाल परिवार ने कुल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है जिनमें 4 के खिलाफ नामजद एफआईआर है। इन चार में बहू ऋचा के पिता रिशीदेव सिंह और भाई भोला सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाक़ात की। उन्होंने कहा की राज्य में कानून- व्यवस्था बिलकुल ख़त्म हो चुकी है।  इस मुद्दे पर जेडीयू नेता अजय आलोक ने कहा कि अगर बीजेपी नेताओं की पुरानी रंजिश है तो हम क्या कर सकते हैं।