Breaking News

दिल्ली को वायु प्रदूषण से नहीं मिली राहत, वायु प्रदूषण के कारण सांस लेना भी परेशानी का सबब बन गया

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। वायु की गुणवत्ता के संबंध में शुक्रवार को ये जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने साझा की है। आईएमडी के अनुसार, हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक आबोहवा में बने हैं।

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत था। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 था और शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे यह 346 दर्ज किया गया।

दिल्ली के आनंद विहार केंद्र में शुक्रवार को सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर एक्यूआई 443 रहा, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई वजीरपुर में 380, पटपड़गंज में 363, विवेक विहार में 397, पंजाबी बाग में 370 और जहांगीरपुरी में 397 दर्ज किया गया। सफर के पूवार्नुमान के मुताबिक, दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार तक बेहद खराब श्रेणी में बनी रहेगी।

जानें वायु गुणवत्ता के बारे में

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है। आईएमडी के अनुसार आज दिन में आमतौर पर आसमान के साफ रहने और अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पराली भी है कारण

दिवाली के बाद भी लोगों को प्रदूषण से निजात नहीं मिली है। जानकारों के मुताबिक पंजाब और हरियाणा में लगातार पराली जलाई जा रही है। पराली जलाए जाने के कारण भी दिल्ली की आबोहवा में प्रदूषण की मात्रा में इजाफा हुआ है। गौरतलब है कि अधिक स्तर का प्रदूषण होने से स्वस्थ्य व्यक्ति की सेहत पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।

जानें देश के सबसे अधिक प्रदूषित शहर के बारे में

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को गाजियाबाद सर्वाधिक प्रदूषित शहर था। वायु गुणवत्ता सूचकांक यहां 373 के स्तर पर दर्ज किया गया। वहीं लोनी में वायु गुणवत्ता का स्तर 445 दर्ज हुआ। एनसीआर के कई हिस्सों में एक्यूआई इंडेक्स ने छलांग लगाई है। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा के दिल्ली से सटे जिलों में भी प्रदूषण का यही हाल है। जानकारी के मुताबिक बढ़ते प्रदूषण के कारण दिल्ली व एनसीआर का इलाका रेड जोन में पहुंच गया है।