Breaking News

इससे पहले जो सरकार आई थी वो मज़बूत नहीं मज़बूर थी: सीएम योगी

बहराइच। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच घमासान तेज हो गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाश ने मंगलवार को बहराइच में समाजवादी पार्टी को ‘दंगेश’ बताया। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने रामायण में लंकेश के बारे में सुना होगा, ठीक उसी प्रकार समाजवादी पार्टी को दंगेश कहा जाना चाहिए।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने माफियाओं और आतंकवादियों को बचाया। अब उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू नहीं दिखते। उन्होंने (पिछली सरकार ने) कर्फ्यू लगा दिया, लेकिन हम कांवड़ यात्रा निकालते हैं। आपने रामायण में लंकेश के बारे में सुना होगा, उसी तरह एसपी को दंगेश कहा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पहले के लोग इसलिए बिजली नहीं आने देते थे क्योंकि चांदनी रात चोरों को अच्छी नहीं लगती है। बिजली गायब कर दो फिर किसान के खेत का पंपिंग सेट चोरी कर दो। अब तो ये नहीं हो सकता, इस भय से आज़ादी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मज़बूत सरकार एक हाथ में विकास की छड़ी और दूसरे हाथ में बुलडोजर भी साथ-साथ चलता है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने एक मज़बूत सरकार दी। इससे पहले जो सपा सरकार आई थी वो मज़बूत नहीं मज़बूर थी।