Breaking News

झारखंड में बोले अमित शाह-परिवर्तन केवल JMM और कांग्रेस की जगह भाजपा की सरकार लाने का नही करना है, परिवर्तन इस भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर यहां भ्रष्टाचार रोकने वाली सरकार लाने का

झारखंड चुनाव को लेकर भाजपा अपनी पूरी ताकत लगा रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने आज झारखंड के साहिबगंज में परिवर्तन सभा को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने कहा कि आज यहां से झारखंड के 2024 के चुनाव के लिए भाजपा की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। ये परिवर्तन यात्रा आने वाले दिनों में गांव-गांव में जाएगी, घर-घर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि परिवर्तन केवल मुख्यमंत्री का नहीं करना है, परिवर्तन केवलJMM और कांग्रेस की जगह भाजपा की सरकार लाने का नही करना है। परिवर्तन इस भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर यहां भ्रष्टाचार रोकने वाली सरकार लाने का। परिवर्तन, आदिवासियों की बच्चियों और उनके संस्कार को घुसपैठियों के हाथ तबाह करने वाली सरकार को हटाकर करना है।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि किसानों की आय बढ़ाने वाले नरेन्द्र मोदी जी की समर्थन करने वाली सरकार यहां लानी है। मेरे आदिवासी युवा भाई-बहन यहां से देशभर में रोजगार के लिए जाते हैं। इसकी जगह यहां संथाल परगना में रोजगार लाने वाली सरकार यहां लानी है। हम सिर्फ मुख्यमंत्री बदलना नहीं चाहते, हम झारखंड को बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की रचना भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने की। लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने जन-कल्याण की जगह घुसपैठिया कल्याण अपनाया है। आज पाकुड़ जिले में ‘हिंदुओं और आदिवासी झारखंड छोड़ो’ जैसे नारे लगते हैं।

उन्होंने दावा किया कि आदिवासियों की इस भूमि को केवल और केवल नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा बचा सकते हैं। उन्होंन आरोप लगाया कि घुसपैठिए लालू यादव, JMM और राहुल बाबा की कांग्रेस पार्टी का वोटबैंक है। वोटबैंक के डर से ये लोग घुसपैठ नहीं रोकते हैं। उन्होंने कहा कि आप झारखंड की सरकार बदल दो, मैं आपसे वादा करता हूं कि एक एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर झारखंड से बाहर निकालने का काम हम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे इस प्रदेश में आदिवासियों की जगह घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है। हमें इसे रोकना पड़ेगा। ये काम केवल और केवल भाजपा कर सकती है।