Breaking News

यह चुनाव नए जम्मू कश्मीर को और बुलंद बनाने के लिए है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटरा में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। इस दौरान मोदी ने कहा कि हम दिल और दिल्ली की दूरी मिटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये चुनाव, जम्मू-कश्मीर का भविष्य चुनने के लिए है। नए जम्मू कश्मीर को और बुलंद बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस के जिन तीन खानदानों ने इस क्षेत्र को सालों-साल घाव दिए, उनकी राजनीतिक विरासत का सूर्य आपको अस्त करना ही होगा। इसके लिए आपको कमल के निशान को चुनना होगा। ये भाजपा ही है जो आपके हितों को प्राथमिकता देती है।

मोदी ने साफ तौर पर कहा कि ये भाजपा ही है जिसने आपके साथ दशकों से चले आ रहे भेदभाव को खत्म किया है। उन्होंने कहा कि हमारा ये क्षेत्र हमारी आस्था का, हमारी संस्कृति की पहचान है, इसलिए यहां ऐसी सरकार चाहिए, जो हमारी आस्था को सम्मान दे और हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाए। कांग्रेस कुछ मतों के लिए हमारी आस्था और संस्कृति को कभी भी दाव पर लगा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार के वारिस ने हाल ही में विदेश जाकर क्या कहा है, वो आपने भी सुना होगा। वो कहते हैं- ‘हमारे देवी-देवता भगवान नहीं हैं।’

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंदू धर्म में गांव-गांव में देवी-देवताओं को पूजने की परंपरा है। हम ईस्ट देवों को मानने वाले लोग हैं और कांग्रेस वाले कहते हैं कि देवता भगवान नहीं होते। क्या आप इस बात से सहमत हैं? क्या ये हमारे देवी देवताओं का अपमान नहीं है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शाही परिवार, देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। ये परिवार, भारत में भ्रष्टाचार की कुरीति का जन्मदाता है, उसका पोषक है। इनकी हिम्मत देखिए… ये डोगरों की धरती पर आकर, यहां के राज परिवार को भ्रष्ट कहते हैं।

 

विपक्ष पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता ने डोगरा विरासत पर ये हमला जानबूझकर किया है। ये मोहब्बत की दुकान के नाम पर नफरत का सामान बेचने की उनकी पुरानी नीति है। इनको वोटबैंक के अलावा कुछ नहीं दिखाई देता। उन्होंने कहा कि रियासी और उधमपुर के साथ कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी ने कैसा सौतेला व्यवहार किया है, ये आप मुझसे ज्यादा जानते हैं। अटल जी की सरकार के समय चिनाब ब्रिज स्वीकृत हुआ था, लेकिन कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस ने इसकी फाइल को दबा दिया। आपने मोदी को, भाजपा को ये काम सौंपा आज ये शानदार पुल सुविधा के साथ साथ आकर्षण का भी केंद्र बना हुआ है।