लखनऊ। भीषण गर्मी का असर अयोध्या के धार्मिक पर्यटन पर भी दिख रहा है। रामलला के दर्शनार्थियों के आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। 30 मई को जिले में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 31 मई शुक्रवार को तापमान 42 डिग्री है। इसके चलते श्रद्धालु भी कम आ रहे हैं। इन दिनों जहां डेढ़ लाख श्रद्धालु रोजाना रामलला के दर्शन कर रहे थे। वहीं पिछले दो दिनों में रामलला के दरबार में महज 1.15 लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई है। इसमें से बड़ी संख्या उन श्रद्धालुओं की है जो सुबह 09-10 बजे तक दर्शन कर लेते हैं। इसके बाद मंदिरो में दिन भर करीब सन्नाटा-सन्नाटा पसरा रहता है। जो सूर्यास्त के बाद थोड़ी रौनक में तब्दील होता है।