Breaking News

उत्तर प्रदेश में अब महिलाओं को मिलेंगे सस्ते सैनिटरी नैपकिन

napkeenलखनऊ। महिलाओं को अब सस्ता सैनिटरी नैपकिन मिलेगा। मुख्यमंत्री की पत्नी और कन्नौज की सांसद डिंपल यादव की पहल पर सरकार ने महिलाओं को सस्ता सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने की शुरुआत कर दी है। डिंपल ने सोमवार को 5 कालीदास मार्ग पर सेनेटरी नैपकिन उत्पादन कार्यक्रम का उद्‌घाटन किया।

इसके तहत 40 जिलों में सैनेटरी नैपकिन यूनिटों का उत्पादन शुरू कर दिया गया। वहीं सरकार उत्पादन कार्यक्रम के जरिए महिलाओं का स्वास्थ्य तो बेहतर करेगी ही उन्हें आर्थिक रूप से भी मजबूत बनाएगी। इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के हर एक ब्लॉक में सैनिटरी नैपकिन उत्पादन यूनिटें लगाई जाएंगी।

इन यूनिटों का संचालन पंचायत उद्योग के जरिए महिलाएं करेंगी। इससे महिलाओं को सस्ती दरों पर नैपकिन मिलेगा, वहीं उत्पादन करने वाली महिलाओं को रोजगार भी मुहैया होगा। ये नैपकिन स्वास्थ्य विभाग, सरकारी स्कूलों और ग्रामीण इलाकों में बांटे जांएंगे।

उत्पादन यूनिटें पंचायती राज विभाग की तरफ से लगाई गई हैं। इन यूनिट्स से हर महीने करीब 5 लाख सेनेटरी नैपकिन का उत्पादन होगा। अब तक तीन यूनिटों में ही उत्पादन होता था। पंचायती राज प्रमुख सचिव चंचल कुमार तिवारी के मुताबिक सेनेटरी नैपकिन उत्पादन करने वाली 40 यूनिटों को 6 महीने में लगाया गया है।