Breaking News

नोट पे चर्चा: कांग्रेस को मिला जनता का साथ

note-pe-charchaमुंबई। मुंबई कांग्रेस के नेताओं ने गुरुवार को कुर्ला पूर्व नेहरू नगर में नोटबंदी पर चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर भड़ास निकाली। बैंक के कतार में नोट के लिए लगे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी। इस अवसर पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा कि नोटबंदी की सजा सिर्फ गरीबों को मिल रही है। पैसा निकालने के लिए कतार में खड़े अबतक 70 लोगों की मौत हो चुकी है। इन मौतों के लिए सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही जिम्मेदार है।

मुंबई कांग्रेस के नोट पर चर्चा में अच्छी खासी भीड़ थी। आम जनता ने भी अच्छा प्रतिसाद दिया। नोटबंदी के खिलाफ आम लोगों में काफी गुस्सा नजर आया। आयोजन स्थल के सामने ही अभ्युदय बैंक में पैसा लेने के लिए कतार में खड़ी एक महिला ने कांग्रेस के आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस अच्छा काम कर रही है। घर में खाने के लिए अन्न नहीं है। इस बैंक से पैसा निकालकर अनाज लूंगी तब घर में चूल्हा जलेगा। उनकी परेशानियों को उठाने के लिए महिला ने मुंबई कांग्रेस का धन्यवाद भी दिया।

मोर्चा में बोलते हुए पूर्व मंत्री व विधायक नसीम खान ने कहा कि आज पूरे देश में आर्थिक अराजकता का माहौल है। लोग परेशान है। उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। आम जनता की परेशानी से मोदी सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चा पर फेल हो गई है। पांच सौ और हजार के नोट रद करके आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी है। इसके बुरे नतीजे आएंगे। लोगों के रोजगार सुरक्षित नहीं रहे और उद्योग व्यापार की हालत और ज्यादा खराब होगी। रोजगार कम हो जाएंगे। इससे अच्छे नहीं जनता के बुरे दिन आएंगे।