Breaking News

बलात्कार के मामलों के दोषी राम रहीम को मिली एक महीने की पैरोल

चंडीगढ़। जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक महीने की पैरोल मिल गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सिंह 2017 में बलात्कार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से हरियाणा के रोहतक की जेल में बंद है। रोहतक जेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ उसे एक महीने की पैरोल मिली है और वह शुक्रवार को जेल से बाहर आएगा।’’

इससे पहले फरवरी में डेरा प्रमुख को तीन सप्ताह की छुट्टी दी गई थी। डेरा प्रमुख सिरसा में अपने आश्रम में दो महिला शिष्यों के साथ बलात्कार के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है।

सिरसा में डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय है। उसे अगस्त 2017 में पंचकूला में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था। वह रोहतक के सुनारिया जेल में बंद है। सूत्रों ने बताया कि डेरा प्रमुख उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा में स्थित डेरा सच्चा सौदा के आश्रम जा सकता है।