Breaking News

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिजोरम के अपने पहले आधिकारिक दौरे के तहत आज आइजोल में शिक्षा संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिजोरम के अपने पहले आधिकारिक दौरे के तहत बृहस्पतिवार को आइजोल पहुंचेंगी। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू के दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर आइजोल के पास लेंगपुई हवाई अड्डा पहुंचने की उम्मीद है। वहां से वह दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए हेलीकॉप्टर से राजधानी के पश्चिमी बाहरी इलाके में तनहरिल स्थित मिजोरम विश्वविद्यालय (एमजेडयू) जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, समारोह में पीएचडी के 38 और एम.फिल के छह सहित 6,800 से अधिक छात्रों को डिग्री दी जाएगी।

राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद मुर्मू का मिजोरम का यह पहला दौरा है। वह सात जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के लिए राज्य आई थीं। अधिकारियों ने बताया कि दो दिवसीय मिजोरम दौरे के तहत मुर्मू भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी-आइजोल) के स्थायी परिसर सहित शिक्षा संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगी। राष्ट्रपति केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगी। एमजेडयू के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद, राष्ट्रपति विश्वविद्यालय में महिला छात्रों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगी। वह शाम को राजभवन में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।

मुर्मू शुक्रवार सुबह करीब सवा 10 बजे मिजोरम विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि वह 2005 में एपीजे अब्दुल कलाम और 2017 में रामनाथ कोविंद के बाद राज्य विधानसभा को संबोधित करने वाली तीसरी राष्ट्रपति होंगी। आइजोल जिले के पुलिस अधीक्षक सी लालरुआ के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर राज्य में, खासकर राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आइजोल में सभी पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि लेंगपुई हवाई अड्डे, राजभवन, मिजोरम विश्वविद्यालय और राष्ट्रपति जिन अन्य स्थानों का दौरा करेंगी, वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

आइजोल के एसपी (यातायात) रोडिंगलियाना चांगथु ने एक अधिसूचना जारी कर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देजनर किए गए बदलावों की जानकारी दी। अधिसूचना के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक एमजेडयू से राजभवन रोड तक किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे से शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे तक राजभवन और थुआमपुई हेलीपैड के बीच चलतलांग में भी सड़क पर वाहन खड़ा करने पर प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति ने बुधवार को नगालैंड का दौरा किया था। मिजोरम का दौरा करने के बाद वह शुक्रवार को सिक्किम जाएंगी।