Breaking News

भाजपा स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी-2024 के आम चुनावों में कोई भी भाजपा को हरा नहीं सकता है, हमें भाजपा को भविष्य की और 21वीं सदी की पार्टी बनाना है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि 2024 के आम चुनावों में कोई भी भाजपा को हरा नहीं सकता है, लेकिन पार्टी को चुनाव से परे जाना चाहिए और लोगों का दिल जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए। भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि हमें भाजपा को भविष्य की और 21वीं सदी की पार्टी बनाना है। उन्होंने नसीहत दते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते हमें अति-आत्मविश्वास का शिकार नहीं होना चाहिए। लोग कहते हैं कि 2024 में भाजपा को कोई हरा नहीं सकता, यह सही है, लेकिन एक भाजपा कार्यकर्ता के रूप में, हमें हर नागरिक का दिल जीतना है और चुनाव जीतने से आगे जाना है।

मोदी ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो बड़े सपने देखती है, जबकि कांग्रेस को छोटे सपने ही दिखाई देते हैं और उनके नेता एक-दूसरे की प्रशंसा करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत के लोगों ने भारत के पुनर्जागरण की नई यात्रा का शंखनाद कर दिया है। 800 साल से ज्यादा की गुलामी से बाहर निकल कर एक राष्ट्र अपना खोया हुआ गौरव पाने के लिए फिर से उठ खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में दशकों से चली आ रही बुराइयां धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही हैं। सन् 47 में अंग्रेज भले ही चले गए लेकिन लोगों को गुलाम रखने की मानसिकता यहीं छोड़ गए। आजादी के बाद देश में ऐसा वर्ग खूब फला-फूला जो सत्ता को अपना जन्मजात हक़ समझता था।

मोदी ने कहा कि जो देश लोकतंत्र की जननी हो…उसकी जनता के नीर-क्षीर-विवेक पर प्रारंभ से हमारी आस्था रही है और दिनों-दिन वो आस्था और मजबूत होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश में एक नए पॉलिटिकल कल्चर का नेतृत्व कर रही है जबकि कांग्रेस और उसके ही जैसे अन्य दलों का कल्चर आप देख सकते हैं। परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद के बंधक हैं ये सभी दल, जबकि भाजपा का पॉलिटिकल कल्चर प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने का है। कांग्रेस और उसकी जैसी पार्टियों का कल्चर है…छोटा-छोटा सोचना और उस से भी कम हासिल कर के खुशियां मानना। ये एक-दूसरे की पीठ थपथपा कर खुश हैं, जबकि भाजपा का पॉलिटिकल कल्चर है बड़े सपने देखना और उस से भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी-जान से जुट जाना।