Breaking News

मुकेश अंबानी ने लगाई छलांग: टॉप.10 अरबपतियों की सूची में हुए शामिल

नई दिल्ली दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की सूची में गुरुवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों का भाव बढ़ने के कारण मुकेश अंबानी एक बार फिर से टॉप-10 की सूची में पहुंच गए हैं। बीते कुछ समय से रिलायंस के चेयरमैन 11वें पायदान पर थे, लेकिन अब उनकी नेटवर्थ 105.2 अरब डॉलर पर पहुंच गई और वह उछलकर सीधे नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

65 वर्षीय भारतीय उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के अलावा शीर्ष दस अरबबपतियों में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी छठे पायदार पर अपनी दावेदारी बरकरार रखे हुए हैं। 5.4 अरब डॉलर के इजाफे के साथ मुकेश अंबानी ने नौवें नंबर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। यानी गौतम अडानी से वह मजह तीन पायदान नीचे हैं। गौतम अडानी की बात करें तो उनकी नेटवर्थ 2.7 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 122.3 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।

मुकेश अंबानी की संपत्ति में जोरदार इजाफे की प्रमुख वजह रिलायंस के शेयरों की कीमत में तेज बढ़ोतरी होना है। गौरतलब है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर बीते पांच सत्रों में सात फीसदी से ज्यादा उछलकर नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए हैं। गुरुवार के शुरुआती सौदों में रिलायंस का शेयर भाव दो फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 2,775 रुपये पर पहुंच गया। इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण भी बढ़ते हुए 18.7 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया।

इस बीच बात करें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की, तो उनकी संपत्ति में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। खबर लिखे जाने तक मस्क की नेटवर्थ में 12.1 अरब डॉलर की गिरावट आई और उनकी संपत्ति कम होकर 262.9 अरब डॉलर पर आ गई। इसके अलावा दूसरे सबसे अमीर अमेजन के जेफ बेजोस को भी नुकसान उठाना पड़ा है। बेजोर की नेटवर्थ 4.1 अरब डॉलर कम होकर 179.8 अरब डॉलर रह गई है।

दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की ताजा सूची में बर्नार्ड अरनॉल्ट 169.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ तीसरे स्थान पर है, उनकी संपत्ति में 3.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स चौथे स्थान पर अपनी उपस्थिति बनाए हुए है। गेट्स की नेटवर्थ 326 मिलियन डॉलर की बढ़त के साथ 133.5 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। पांचवे स्थान की बात करें तो वॉरेन बफे 125.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस पायदान पर मौजूद हैं।