Breaking News

उत्तराखंड के चमोली जिले मेंभूस्खलन के बाद पहाड़ी से गिर रही चट्टानों की चपेट में आने से हैदराबाद के दो श्रद्धालुओं की मौत

गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार को भूस्खलन के बाद पहाड़ी से गिर रही चट्टानों की चपेट में आने से हैदराबाद के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गौचर और कर्णप्रयाग के बीच स्थित चटवापीपल के पास हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान निर्मल शाही (36) और सत्य नारायण (50) के रूप में हुई है। वे दोपहिया वाहन पर सवार होकर बद्रीनाथ से लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके शव मलबे से बाहर निकाल लिये गए हैं।

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मी सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में जुटे हुए हैं। भूस्खलन के कारण रुद्रप्रयाग-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी अवरुद्ध हो गया है।

रुद्रप्रयाग जिले में एहतियात के तौर पर शनिवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को कुमाऊं और गढ़वाल के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने खराब मौसम के मद्देनजर लोगों को जल निकायों के पास न जाने की सलाह दी है।