Breaking News

व्यय प्रेक्षक द्वय ने राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों/ प्रत्याशियों के साथ व्यय लेखा को लेकर की बैठक

कुशीनगर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद के लिए नामित प्रेक्षक द्वय विभोर बदोनी (रामकोला, खड्डा, पडरौना, हाटा हेतु व्यय प्रेक्षक) एवं के0 एन0 धंदापानी (तमकुहीराज, फाजिलनगर और कुशीनगर हेतु व्यय प्रेक्षक) ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ आहूत बैठक में स्पष्ट रुप से यह निर्देश दिया है कि किसी भी दशा में अधिकतम व्यय सीमा 40 लाख से अधिक व्यय नही होना चाहिये। इसके साथ सभी व्यय का लेखा जोखा अद्यतन व पंजिका में अंकन भी अनिवार्य रुप से करना होगा। व्यय रजिस्टर की जांच हेतु तीन तिथियां निर्धारित करते हुए बताया गया कि 19 फरवरी को प्रथम जांच, 24 फरवरी को द्वितीय जांच तथा 28 फरवरी को तीसरी जांच की जायेगी। इसमें प्रत्याशियों को अपने व्यय पंजिका व लेखा-जोखा प्रस्तुत करना होगा। प्रेक्षक द्वय ने इस दौरान कहा कि सभी प्रत्याशियों का खाता नामांकन के एक दिन पूर्व खुला होना चाहिए। रैली, सभा जुलूस, नुक्कड निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत ही करेगें। सभी प्रकार के व्यय अनिवार्य रुप से खर्च में सम्मिलित किए जायेगें। नकद चन्दा 10 हजार से अधिक नही ले सकेगें। हर प्राप्ति की इन्ट्री भी करनी होगी। कोई भी व्यय 10 हजार से अधिक एक बार में नगद नही किया जा सकेगा। चेक, एनईएफटी व डिजिटल के माध्यम से ही इससे अधिक भुगतान किए जायेगें।
बैठक में , वरिष्ठ कोषाधिकारी नीरज कुमार द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी कृष्ण कुमार, सहायक व्यय लेखा टीम, लाइजन आफिसर, सहित विभिन्न राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि आदि शामिल हुए।