Breaking News

यमुना एक्सप्रेस-वे: हाइवे पर परिवार को बंधक बनाया, चार महिलाओं से गैंगरेप

जेवर (यूपी)। यूपी में एक बार फिर ऐसी वारदात हुई है, जिससे हाइवे पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बुलंदशहर में हाइवे पर गैंगरेप से मिलता-जुलता एक और मामला सामने आया है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार में जेवर से बुलंदशहर जा रहे एक परिवार को बुधवार देर रात बंधक बनाकर लूटा गया। परिवार के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उनके साथ बदमाशों ने गैंगरेप भी किया। बता दें कि बुलंदशहर हाइवे पर ही सफर कर रही एक महिला और उसकी 13 साल की बेटी के साथ बदमाशों ने गैंगरेप किया था।

थाना जेवर क्षेत्र के सबौता गांव के पास बीती रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने इको कार में जा रहे एक परिवार के साथ वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कार के टायर में गोली मारकर उसे रोका। पीड़ित परिवार के मुखिया की बहन की डिलिवरी होने वाली थी। उसकी बहन बुलंदशहर के एक अस्पताल में भर्ती थी, जिसे देखने के लिए वह अपने परिवार के साथ बुलंदशहर जा रहा था। जब वह रामनेर के पास पहुंचा, तभी बदमाशों ने कार को अपना निशाना बनाया। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित को तीन गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाशों ने पीड़ित परिवार से जेवर और रकम लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के 4 महिलाओं का कहना है कि बदमाशों ने उनके साथ हथियार के बल पर बलात्कार किया है। वहीं, पुलिस के मुताबिक, महिला को बंधक बनाकर खेतों ले जाया गया और वहीं गैंगरेप किया गया। पुलिस को शक है कि कम से कम 10 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार अभी सदमे में है, इसलिए अभी घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।