Breaking News

भारतीय जनता पार्टी देश की जनता के भरोसे को टूटने नहीं देगी: राजनाथ सिंह

बलिया, जनपद में छठें चरण में आगामी तीन मार्च को मतदान होना है। इसी क्रम में मंगलवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सिकंदरपुर में दोपहर 12 बजे जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। बलिया के रास्‍ते पूर्वांचल के वोटरों को साधने की कोशिश में सियासी घमासान का दौर अब शुरू हो चुका है। प्रदेश का चुनाव धीरे- धीरे पूर्वांचल की ओर बढ़ने लगा है। इसी के साथ बड़े नेताओं की गतिविधियां भी क्षेत्र में बढऩे लगी हैं।
बोले राजनाथ सिंह : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की जनता के भरोसे को टूटने नहीं देगी। हमें कसौटी पर तौल कर देखें सही हैं तो वोट दीजिये। कई दल बने और विलुप्त हो गए। नेताओं के झूठे आश्वासन से राजनीति में संकट पैदा हो गए थे। अविश्वसनीयता छा गई थी। ऐसे में भाजपा ने चुनौती के रूप में लेते हुए उस धारणा को मिटा दिया। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में बंशी बाजार स्थित ज्ञानकुंज एकेडमी में मंगलवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम सरकार बनाने के लिए नहीं समाज व देश बनाने के लिए चुनाव लड़ते हैं। हमने धारा 370 हटाने का वादा किया था उसे पूरा किया। नागरकिता कानून भी लागू किया गया। धर्म के नाम पर विभाजन नहीं होना चाहिए। आजादी के बाद धर्म के आधार पर भारत व पाकिस्तान का बंटवारा हो गया था। हमने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का वादा पूरा किया। पीएम मोदी ने काशी विश्वधाम को भव्य रूप दिया। सोमनाथ का मंदिर गोरी ने तोड़ दिया था। उसे भी संवारा गया। चारो धाम की यात्रा सड़क मार्ग से होने लगी। हम लोकतंत्र का मंदिर बनाते हैं।

केवल हिंदू ही नहीं भाजपा सबको साथ लेकर चलती है। पूरे विश्व को हमने परिवार को माना है। नागपंचमी पर काले नाग को गाय का शुद्ध दूध भारत के लोग ही पिलाते हैं। अगर सांप काटने लगे तो मार भी सकता है। सपा, बसपा व कांग्रेस नफरत की राजनीति कर रहीं हैं। नफरत की राजनीति सबसे पहले कांग्रेस ने शुरू की। अब इसे सपा व बसपा आगे बढ़ा रहीं हैं। राजभर समाज भाजपा के साथ है। देश के लिए काम करना है चलो भाजपा की ओर। किसान सम्मान निधि के तहत हर साल छह हजार सरकार दे रही है। किसी योजना में भेदभाव नहीं किया गया। आयुष्मान भारत योजना से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। हमारा प्रधानमंत्री मजबूत है। उरी व पुलवामा में आतंकी हमले के बाद मैं सीधे कश्मीर गया। वहां का दृश्य देखकर द्रवित हो गया। इसके बाद पीएम ने दस मिनट में फैसला किया। एयर और सर्जिकल स्ट्राइक हुई। भारत इस पार से भी मार सकता है और बाउंड्री पार भी।