Breaking News

आपके एक वोट ने कितनी ही माताओं की आस पूरी की और इस धरती को नक्सलवादी आतंकवाद से मुक्ति दिला दी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झारखंड के पलामू में चुनावी रैली को संबोधित किया। राजभवन में रात्रि विश्राम के बाद पीएम ने पलामू और गुमला में भाजपा उम्मीदवारों बीडी राम और अर्जुन मुंडा के पक्ष में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने एक वोट के महत्व को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। 2014 में आपके एक वोट ने ऐसा काम किया कि पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की ताकत को सलाम करने लगी थी। आपने 2014 में अपने एक वोट से कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार को हटा दिया था। आपके एक वोट ने BJP-NDA की सरकार बनाई।

मोदी ने कहा कि आपके इस एक वोट की ताकत से आज भारत का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। 500 साल से हमारी कितनी ही पीढियां संघर्ष करती रही, इंतजार करती रही, लाखों लोग शहीद हुए, 500 साल लंबा संघर्ष चला। शायद इतिहास में इतना लंबा संघर्ष कहीं नहीं हुआ, जो अयोध्या में हुआ। उन्होंने कहा कि 500 साल में जो काम नहीं हुआ, आपके एक वोट से वो कार्य पूरा हुआ और आज अयोध्या में राम मंदिर बन गया। उन्होंने कहा कि आपके एक वोट की ताकत से जम्मू कश्मीर में धारा 370 की दीवार को जमीन में गाड़ दिया गया।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और आंध्र प्रदेश में, पशुपति से लेकर तिरुपति तक नक्सलवाद, आतंकवाद फैला कर यहां की धरती को लहूलुहान कर देता था। आपके एक वोट ने कितनी ही माताओं की आस पूरी की और इस धरती को नक्सलवादी आतंकवाद से मुक्ति दिला दी। उन्होंने कहा कि एक वो स्थिति थी, जब आतंकी हमले के बाद कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया भर में जाकर रोती थी। लेकिन आज स्थिति ये है कि पाकिस्तान दुनिया भर में जाकर रो रहा है। आज पाकिस्तान के नेता कांग्रेस के शहजादे को पीएम बनाने के लिए दुआ कर रहे हैं। लेकिन मजबूत भारत तो अब मजबूत सरकार ही चाहता है।

उन्होंने दावा किया कि पूरा हिंदुस्तान कह रहा है – मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार, मजबूत सरकार के लिए मोदी सरकार। मोदी ने कहा कि आपके आशीर्वाद से सीएम और पीएम के रूप में देशवासियों की सेवा करते हुए मुझे अब 25 साल हो जाएंगे। इन 25 वर्षों में आपके आशीर्वाद से मोदी पर एक पैसे के घोटाले का भी आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि मैं आज भी पद, प्रतिष्ठा, सुख-समृद्धि से दूर आज भी वैसा ही हूं, जैसा आपने मुझे यहां भेजा था। मोदी मौज नहीं, मिशन के लिए पैदा हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि JMM-कांग्रेस के नेताओ ने भ्रष्ट्राचार से अपार धन संपदा खड़ी की है। संपत्ति हो, राजनीति हो, सब कुछ ये अपने-अपने बच्चों के लिए अर्जित कर रहे हैं। ये उनके लिए विरासत में ढेर सारी काली कमाई छोड़ कर जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं तो गरीबी का जीवन जीकर आया हूं। इसलिए, 10 वर्षों में गरीब कल्याण की हर योजना की प्रेरणा, मेरे जीवन के अनुभव ही हैं। जब आज लाभार्थियों से मिलता हूं, तो ख़ुशी के मारे आंसू आ ही जाते हैं। ये आंसू वही समझ सकता है, जिसने गरीबी देखी हो, जिसने कष्ट में जीवन गुजारा हो।

राहुल गांधी पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं। कहते हैं कि मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं। ये निराश-हताश लोग अब कुंठित हो गए हैं। एक कहावत है – जाके पांव न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई! कांग्रेस के शहजादे की हालत वही है। उन्होंने कहा कि मोदी के 10 साल के सेवाकाल में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। इसलिए वो आज भाजपा को आशीर्वाद दे रहे हैं। इन गरीब भाई-बहनों के आशीर्वाद ही मेरी शक्ति और मेरी पूंजी है।