Breaking News

नोएडा से कांग्रेस को बड़ा झटका, पंकज सिंह के समर्थन में उतरे कांग्रेसी

लखनऊ। नोएडा विधानसभा के प्रत्याशी पंकज सिंह धीरे-धीरे अपनी स्थिति को मजबूत करते जा रहे हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस में सेंध लगाते हुए नोएडा के कांग्रेस के बड़े नेता और फोनरवा के अध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह को बीजेपी में शामिल कर लिया है। एनपी सिंह के बीजेपी में शामिल होते ही पंकज सिंह को छिटके हुए बाकी राजपूतों का सपोर्ट भी मिलेगा। जानकारों की मानें तो कांग्रेस-सपा के प्रत्याशी को ये एक बड़ा झटका है।

आपको बता दें कि पिछले कई चुनावों से एनपी सिंह नोएडा विधानसभा से विधायक का टिकट मांग रहे थे। लेकिन उन्हें बार-बार इगनोर किया जा रहा था। इस बार भी उन्हें सपा कांग्रेस के गठबंधन होने की वजह से टिकट नहीं मिल सका। वहीं बीजेपी से कभी उत्तराखंड क्रांति दल में गए शंभू पोखरियाल की भी भाजपा में वापसी हो गई है।

पंकज सिंह औैर डॉ. महेश शर्मा ने कलराज मिश्र की मौजूदगी में फोनरवा के अध्यक्ष और कांग्रेस की कई वर्षों से राजनीति करते आए एनपी सिंह को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। उन्होंने कहा कि एनपी सिंह के आने से पार्टी में काफी मजबूती आई है। जिसका फायदा आगामी चुनाव में पार्टी को जरूर होगा। आपको बता दें एनपी सिंह का राजपूतों में काफी अच्छा होल्ड है। नोएडा में राजपूत वोटों की संख्या करीब 45 हजार है। अब राजपूतों का काफी बड़ा धड़ा बीजेपी की ओर रुख करेगा। वहीं दूसरी ओर भाजपा से कभी उत्तराखंड क्रांति दल में शामिल हुए शंभू पोखरियाल भी भाजपा में शामिल हुए। नोएडा विधानसभा में करीब 25 हजार के करीब उत्तराखंडी वोटर्स हैं। ऐसे में इसका फायदा भी पंकज को मिलेगा। शंभू पोखरियाल उत्तराखंड के लोगों में काफी लोकप्रिय भी हैं।