मुख्यमंत्री विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन को संबोधित करने वाले थे पर नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह की गोली मारकर हत्या का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने नाराजगी भरे लहजे में सपा को माफियाओं की पोषक करार देते हुए प्रदेश को विकास के रास्ते पर अग्रसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी माफिया नहीं बचेगा। हम किसी भी माफिया को नहीं बख्शेंगे।
शुक्रवार को बसपा विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह और वकील उमेश पाल की स्वचालित हथियारों से गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उमेश की सुरक्षा में तैनात गनर संदीप निषाद की भी मौत हो गई। प्रयागराज पश्चिम के विधायक रहे राजू पाल की 25 जनवरी, 2005 को हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद व उसके छोटे भाई पूर्व विधायक अशरफ पर केस चल रहा है।
पॉलिटिकल क्रेडिबिलिटी पर भी दिया जवाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा की पॉलिटिकल क्रेडिबिलिटी पर सवाल उठाने पर कहा कि पॉलिटिकल क्रेडिबिलिटी का सबसे बड़ा प्रमाण जनता का आदेश है। जनता ने भाजपा के पक्ष में लगातार लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 के साथ ही यूपी विधानसभा चुनाव 2017 और 2022 में जनादेश दिया है। यह पॉलिटिकल क्रेडिबिलिटी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
रामचरितमानस विवाद पर दिया जवाब
मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण में रामचरितमानस विवाद पर भी जवाब दिया और कहा कि इस ग्रंथ ने सदियों से हिंदू समाज को एकजुट रखा है। आज उसका अपमान हो रहा है। अगर यही बातें किसी अन्य धर्मग्रंथ के बारे में कही गई होतीं तो न जाने क्या हो जाता। उन्होंने कहा कि ताड़ना का क्या होता है… अवधी में कई बार कहा जाता है कि इतने देर से केहका ताड़ता हो… क्या ताड़ने का अर्थ मारने से है…। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को गर्व होना चाहिए कि रामचरितमानस यूपी की धरती पर रचा गया है लेकिन हिंदुओं का अपमान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि विरासत में सत्ता तो मिल सकती है लेकिन बुद्घि नहीं मिल सकती है।
यूपी में काबा… पर योगी ने दिया जवाब
मुख्यमंत्री योगी ने सरकार की उपलब्धियों का वर्णन किया और कहा कि अब भी लोग पूछते हैं कि यूपी में का बा…। यूपी में का बा… का जवाब है यूपी में बाबा…।