Breaking News

26 अप्रैल को मॉस्को के दौरे पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव, होगी पुतिन से मुलाकात

मॉस्को। यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को दो महीने से ज्यादा समय हो चुका है और रूसी सैनिक लगातार अपनी सैन्य कार्रवाई को तेज कर रहे हैं। इसके अलावा सैन्य कार्रवाई के चलते रूस को अमेरिका समेत कई देशों के प्रतिबंधों का सामना भी करना पड़ रहा है। इसी बीच खबर है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की बैठक होने वाली है। यह बैठक अगले सप्ताह होगी। जिसमें यूक्रेन संकट पर विस्तृत वार्ता होने की संभावना है।

26 अप्रैल को करेंगे मॉस्को का दौरा

यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर पूरी दुनिया की आलोचना झेल रहे रूस के लिए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। आपको बता दें कि यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई के दो महीने बीत जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र के महासचिव 26 अप्रैल को मॉस्को का दौरा करने वाले हैं। इस दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और एंटोनियो गुटेरेस की मुलाकात होगी।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने ट्वीट कर बताया कि अगले सप्ताह मैं रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करूंगा। हमें लोगों की जान बचाने, मानवीय संकट को खत्म करने और यूक्रेन में शांति कायम करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।

रूस के बाद होगी कीव यात्रा

आपको बता दें कि रूस की यात्रा के बाद एंटोनियो गुटेरेस यूक्रेन जाएंगे और दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध को तत्काल प्रभाव से समाप्त कराने का प्रयास करेंगे। एंटोनियो गुटेरेस 28 अप्रैल को कीव जाएंगे। जहां पर विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा के साथ बैठक के बाद राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे।