बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया जिला मुख्यालय की शहर कोतवाली पुलिस ने बिहार की सीमा से सटे जनेश्वर मिश्र सेतु पर एक बोलेरो कार से बिहार ले जाया जा रहा 22 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर चौराहे पर आरोपियों के खिलाफ जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर जनेश्वर मिश्र सेतु पर बिहार जा रही एक बोलेरो को घेराबंदी कर पकड़ लिया।