राजस्थान में चुनावी शोर लगातार जारी है। 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो चुका है। इन सब के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरूवार को उदयपुर में भाजपा के लिए प्रचार किया था। उन्होंने राज्य में कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधा था। अब उनपर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार किया है। अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा के पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वे घबरा गए हैं। गहलोत ने कहा कि भाजपा के पास हमारे(कांग्रेस) खिलाफ बोलने का कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वह बिना मुद्दों के मुद्दा बना रही है। वे(भाजपा) समझ गए हैं कि हमारी दाल गल नहीं रही है, हम इन्हें(कांग्रेस) जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान की संस्कृति, राजस्थान की विरासत, राजस्थान के गौरव को खतरे में डाल दिया है। जैसे हालात राजस्थान में पहले कभी नहीं बने, वो पिछले पांच साल में हमने देखे हैं। उन्होंने कहा कि किसने सोचा था कि राजस्थान में कभी रामनवमी की शोभायात्रा और कांवड़ यात्रा पर भी प्रतिबंध लग सकता है। लेकिन ये पाप कांग्रेस सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि आज यहां कांग्रेस सरकार है, इसलिए PFI जैसे आतंकी संगठन बेखौफ होकर रैलियां निकालते हैं। आतंकियों की हमदर्द कांग्रेस सरकार राजस्थान को तबाह करके मानेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कितने ही क्षेत्रों में अब हिंदुओं के पलायन की खबरें आने लगी हैं। राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही, तो ये और भी बढ़ेगा। इसलिए अब राजस्थान को देर नहीं करनी है।