नई दिल्ली राउत ने कहा, ‘देश में जारी तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आवाज उठाई है। इसलिए उनका सांसद सदस्यता रद्द करने का आंदोलन चल रहा है।’
और क्या बोले राउत?
संजय राउत ने कानून मंत्री किरण रिजिजु का भी जिक्र किया। कहा, ‘न्यायपालिका को धमकी दी जा रही है। कानून मंत्री न्यायपालिका से कहते हैं कि जो हम बोल रहे हैं उसे अगर आपने नहीं किया तो हम देखेंगे। ये क्या है? इसका क्या मतलब निकाला जाए? साफ-साफ वो न्यायपालिका को धमकी दे रहे हैं। चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ कहते हैं कि न्यायपालिका पर कोई दबाव नहीं है, लेकिन हकीकत तो ये है कि दबाव है।’
आगे उन्होंने कहा, ‘जिस पद पर रहते हुए कभी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने संविधान लिखी थी, उसी पद पर बैठे जज को आप (कानून मंत्री) धमकी दे रहे हैं? यह भाषा कानून मंत्री को शोभा नहीं देती। सत्ता में आने के बाद से ये सरकारें दखल दे रही हैं। सरकार सुप्रीम कोर्ट को अपनी जेब में डालने की कोशिश कर रही है।’
राउत बोले- राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान को लेकर हो रहे विवाद पर भी राउत ने अपनी बात रखी। भाजपा द्वारा राहुल से माफी मांगने की बात पर राउत ने कहा, ‘राहुल माफी नहीं मांगेंगे। राहुल को आखिर क्यों माफी मांगनी चाहिए? उनके बजाय बीजेपी के कई नेताओं को आज माफी मांगनी चाहिए। सरकार विपक्ष की आवाज दबा रही है। सरकार माइक बंद कर रही है। मुझ जैसे लोगों का मुंह बंद करने के लिए जेलों में डाला जा रहा है।