Breaking News

महंगाई की मार पर अखिलेश ने कहा-जनता अब भाजपा का भी फुल टिकट काटने का मन बना चुकी है

लखनऊ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि महंगाई है जो दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है। कुनीतियों के चलते भाजपा के पूंजीपति मित्र तो मालामाल होते जा रहे हैं जबकि जनता कंगाल होती जा रही है। हर वर्ग का उत्पीड़न करने के बाद उसने तय कर लिया है कि अब वह बच्चों को भी नहीं छोड़ेगी। सरकार रेलगाड़ी में उनका भी टिकट फुल कर रही है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा राज में डीजल-पेट्रोल, सीएनजी, रसोई गैस आदि के दाम आसमान छू रहे हैं। आटा, दाल, चावल, सब्जी, तेल, दूध, दही पर भी जीएसटी लगा दी जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। चावल के दाम में 10 से लेकर 20 रुपये, अरहर दाल में 15 , जीरा में 25 और लाल मिर्च में 40 रुपए तक की बढ़ोतरी हो गई है। दूध कंपनियों ने दूध के दामों में वृद्धि कर दी है। बच्चों के मुंह से दूध छीनने के अलावा अब सरकार एक साल के बच्चे पर फुल रेल टिकट लगाने जा रही है।

अभी तक रेलवे पांच से ग्यारह वर्ष तक के बच्चों से पूरा किराया लेने पर कन्फर्म टिकट देता था। अब रेलवे ने एक वर्ष के बच्चे के लिए भी किराये के भुगतान की शर्त कन्फर्म टिकट पर लगा दी है। इस सरकार के कुशासन में महंगाई, भ्रष्टाचार खूब फलफूल रहा हैं। जनसामान्य की कहीं सुनवाई नहीं। हर तरफ लूट मची हुई है। लोगों में निराशा के साथ आक्रोश भी पनप रहा है। जनता अब भाजपा का भी फुल टिकट काटने का मन बना चुकी है।