Breaking News

अपनी पूरी टीम के साथ भगवान राम की पावन धरती पर दर्शन के लिए पहंुचे एकनाथ शिंदे, फडणवीस भी हैं साथ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शनिवार शाम को लखनऊ पहुंच गए जिसके बाद रविवार नौ अप्रैल को दोनों रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे है। इस दौरान दोनों हनुमान गढ़ी और निर्माणाधीन राम मंदिर को देखने भी जाएंगे। इसके बाद शाम को सरयू नदी पर होने वाली आरती में भी दोनों नेता शिरकत करने वाले है।

बता दें कि लखनऊ से अयोध्या के लिए निकलने से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद हमारे साथ है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हमें तीर धनुष का प्रतीक मिला है। वहीं उनके साथ अयोध्या पहुंचे उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज मैं रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहा हूं जिसकी मुझे बहुत खुशी है। उन्होंने कहा कि मैं राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ा रहा हूं और कारसेवाओं में भी उपस्थित रहा हूं।

शिंदे ने लखनऊ पहुंचने के बाद मराठी में ट्वीट किया, ‘‘आज लखनऊ हवाई अड्डे पर मेरा और मेरे सभी साथियों का ‘जय श्रीराम’, ‘हिन्दू हृदय सम्राट दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की जीत’ और ‘शिवसेना जिंदाबाद’ जैसे नारों के साथ स्वागत किया गया।’’ शिंदे ने उनके स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हमारा उत्साह दोगुना हो गया।’’ मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या आने का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा कि यहां का माहौल देखकर ख़ुशी और संतोष हो रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रियों के प्रति आभार प्रकट किया। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियों ने शिंदे का स्वागत किया।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को ट्वीट किया “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी आपका रामलला की नगरी अयोध्या धाम आगमन पर हार्दिक स्वागत व अभिनंदन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में श्रीराम मंदिर सहित अयोध्या धाम को भव्यतम बनाया जा रहा है।” शिवसेना के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के ठहरने के लिए मंदिर नगरी के लगभग सभी होटल, अतिथि गृह और धर्मशालाएं बुक कर ली गई हैं। अयोध्या में शिंदे के स्वागत के लिए शिवसेना के कार्यकर्ताओं के एक दिन पहले विशेष रेलगाड़ियों से अयोध्या पहुंचने की संभावना है। शिंदे की अयोध्या यात्रा का पूरे देश में प्रचार-प्रसार करने के लिए शिवसेना ने एक योजना तैयार की है। महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने के बाद शिंदे की यह पहली अयोध्या यात्रा है।