Breaking News

भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह की अटैक से मौत

चंडीगढ़। जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का शनिवार सुबह पंजाब के फिल्लौर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निधन हो गया। वह यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और उनकी धड़कन बढ़ गई। कांग्रेस नेता को फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलते ही राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से निकल कर अस्पताल पहुंचे। यात्रा को दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने यह जानकारी दी। चौधरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पदयात्रा में फिल्लौर में भाग लेते समय बेहोश हो गए थे। यात्रा में मौजूद रहे बाजवा ने बताया कि चौधरी को फगवाड़ा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने पंजाब चरण के तहत शनिवार सुबह यहां लाढ़ोवाल से आगे बढ़ी।
इस बीच, भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई और 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्विटर पर पंजाबी में कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी की असामयिक मृत्यु से मुझे गहरा दुख हुआ है.. भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा, “आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।”