Breaking News

गोरखपुर में बोले सीएम योगी-जाति व मजहब से ऊपर उठकर लोग सकारात्मक सोच से साथ देंगे तो तेजी से विकास होगा

गोरखपुर, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास किस गति से हो रहा है, यह हम सब पर निर्भर करता है कि हम किस तरह का माहौल देना चाहते हैं। विकास को लेकर हमारी सोच क्या है। हम जाति, मत व मजहब के आधार पर बंटे रहेंगे तो विकास नहीं हो पाएगा। हमारे सामने हमेशा पहचान का संकट होगा। हम लोग हमेशा लोगों के द्वारा अविश्वास की नजरों से देखे जाते रहेंगे। लेकिन जाति व मजहब से ऊपर उठकर लोग सकारात्मक सोच से साथ देंगे तो तेजी से विकास होगा। गोरखपुर ने ऐसा कर दिखाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1990 के दशक में अपने ऊपर लगे हुए पिछड़ेपन के कलंक से मुक्ति पाने का उन्होंने जो फैसला लिया था, उसे पूरा कर दिखाया। 1994-95 से जब भी विकास के लिए आह्वान करने की आवश्यकता महसूस हुई, गोरखपुर का एक-एक नागरिक मेरे साथ उस आंदोलन का हिस्सा बना। व्यक्ति सड़क पर हो या कहीं और, उसने आंदोलन को समर्थन दिया। गोरखपुर के नागरिकों के समर्थन व सहयोग से गोरखपुर विकास के एक माडल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। गोरखपुर व पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए जो कुछ भी कर पा रहे हैं, ये यहां के लोगों के अपार जनसमर्थन का परिणाम है। लोगों के साथ के भरोसे ही हम विकास के कुछ नए मानक गढ पाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर आज शिक्षा व स्वास्थ्य के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के रोजगार एवं व्यवसाय के प्रमुख केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहा है। पटना व लखनऊ के बीच में गोरखपुर दवा एवं किराना की सबसे बड़ी मंडी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की ताकत को समाज अभी पहचान नहीं पाया है। वे गृहस्थी को संभालने के साथ स्वावलंबन का नया माडल खड़ा कर सकती हैं। डबल इंजन की सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा में फ्लैटेड फैक्ट्री के रूप में नई अवधारणा शुरू की जा रही है। पहले चरण में इसमें 80 औद्योगिक इकाईयां शुरू होंगी। ये फैक्ट्रियां महिलाओं के स्वावलंबन का बड़ा आधार बन सकती हैं। महिलाओं को रेडीमेड सेक्टर से जोड़कर गोरखपुर को रेडीमेड गारमेंट का हब बनाया जा सकता है। महिलाएं घर का काम करने के साथ ही 12 से 15 हजार रुपये की आय भी कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास करना चाहिए। रेडीमेड गारमेंट को प्रोत्साहन मिलेगा तो यहां के उत्पाद दक्षिण पूर्व एशिया से लेकर यूरोप तक छा जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से प्रगति के लिए गीडा को तेजी से लैंड बैंक बढ़ाना होगा। औद्योगिक क्षेत्र का धुरियापार तक विकास करते हुए हर औद्योगिक क्षेत्र तक बेहतर कनेक्टिविटी दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जा रहा है। आने वाले समय में गीडा से धुरियापार तक औद्योगिक इकाईयां नजर आएंगी और लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने गीडा में हाल ही में स्थापित हुईं 29 परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 104 इकाईयों का शिलान्यास किया। इन 133 इकाईयों में करीब 504 करोड़ का निवेश होगा और 3500 लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने 260 करोड़ की 49 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें प्लास्टिक पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री, विद्युत उपकेंद्र आदि का शिलान्यास किया।