Breaking News

गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार अमित शाह पहुंचे भुवनेश्वर दौरे पर, तिरंगा यात्रा में लिया भाग

भुवनेश्वर भाजपा अपने दक्षिण विस्तार के अभियान को तेज कर रही है। इसे गति देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भुवनेश्वर व कटक दौरे पर हैं। रविवार रात दोनों नेता भुवनेश्वर पहुंचे। सोमवार सुबह शाह ने भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर में पूजा अर्चना की। भुवनेश्वर और कटक की दीवारें शाह के पोस्टर, बैनर और तख्तियों से पटी हुई हैं। अमित शाह ने ‘श्रावण मास’ के अंतिम सोमवार को भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर से अपना दौरा शुरू किया। इसके बाद दोनों नेता नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म स्थल का दौरा करने के लिए कटक पहुंचे हैं। कटक में दोनों नेताओं ने तिरंगा यात्रा में भी भाग लिया।

इसके बाद गृह मंत्री उड़िया बाजार से इंडोर स्टेडियम तक एक रोड शो भी करेंगे। स्टेडियम में वह उड़िया दैनिक अखबार ‘प्रजातंत्र’ के 75वें वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे। इस अखबार की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री हरेकृष्ण महताब ने की थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी शामिल होंगे और बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं ने भी उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की हैं।

कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
अमित शाह कटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय पर पार्टी की प्रदेश इकाई की कोर समिति की बैठक करेंगे। बाद में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से लेकर अगले 20 वर्षों तक के कार्यकाल पर एक किताब ‘मोदीएट20 : ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ के ओडिशा संस्करण का विमोचन करेंगे। शाह सोमवार रात ओडिशा से रवाना होंगे।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समी मोहंती ने बताया कि राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच काफी उत्साह है। शाह जब सोमवार को भुवनेश्वर से कटक जाएंगे तो विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजद और विपक्षी दल कांग्रेस भी शाह के दौरे पर करीबी नजर रख रही हैं। गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार अमित शाह भुवनेश्वर दौरे पर आए हैं। इससे पहले वे 2019 के चुनाव के दौरान ओडिशा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भुवनेश्वर में एक जनसभा को संबोधित किया था।