Breaking News

2014 के बाद पीएम मोदी ने भारत को निर्णय लेने वाला और मजबूत देश बना दिया है: जे0पी0 नड्डा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा त्रिपुरा के दौरे पर है। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर उन्होंने आज अगरतला में एक जनसभा को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि इन 9 सालों में भारत की तस्वीर और तकदीर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने बदल डाला है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत का नाम भ्रष्टाचारी देशों में सम्मिलित था। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए की सरकार में 2014 में ना जमीन छोड़ी, ना आकाश छोड़ा, ना पाताल छोड़ा, तीनों जगह भ्रष्टाचार ही किया…आज मोदी जी ने 13,125 किलोमीटर की सड़क बनाकर सारे बॉर्डर को सुरक्षित कर दिया है।

 

मजबूत हुआ देश

नड्डा ने कहा कि 2014 के बाद PM मोदी ने भारत को निर्णय लेने वाला और मजबूत देश बना दिया है। उन्होंने कहा कि आज भारत AK-203 जैसी राइफल बना रहा है, प्रचंड हेलीकॉप्टर बना रहा है और हमने INS विक्रांत जैसा लड़ाकू जहाज भी बना कर दिखा दिया है और आज वो भारतीय सेना के बेड़े में शामिल है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में, हमारी सीमाओं को सुरक्षित करके भारत की सुरक्षा को मजबूत किया गया है। साथ ही 2014 से ‘विकासवाद’ ‘वंशवाद’ को हरा रहा है, ‘रिपोर्ट कार्ड पॉलिटिक्स’ ‘वोट-बैंक पॉलिटिक्स’ को हरा रहा है। पिछले 9 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।

धारा-370 को किया धराशायी

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम नारा लगाते थे कि एक देश में दो निशान-दो विधान नहीं चलेंगे। इस पर आगे बढ़ते हुए हमने धारा-370 को धराशायी कर दिया और कश्मीर को संपूर्णता के साथ भारत से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि डोकलाम के समय चीन कि फौज खड़ी तो भारत की फौज भी डट कर खड़ी रही और उनको वहीं पर ही रोके रखा।

 

अर्थव्यवस्था में सुधार

जेपी नड्डा ने कहा कि हम दसवें नंबर की अर्थव्यवस्था थे लेकिन आज मोदी जी के नेतृत्व में हम ब्रिटेन को पछाड़ कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत 470 AirBus विमान खरीदने जा रहा है और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कहते हैं कि वर्ष 2050 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत दुनिया की सबसे fastest growing economy है।