Breaking News

केजरीवाल का दावा-आम आदमी पार्टी दिल्ली नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है

दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज मैं दिल्ली के लोगों को एक गारंटी देना चाहता हूं कि एमसीडी में सरकार बनाने के बाद आप एक स्कीम लॉन्च करेगी जिसका नाम होगा जनता चलाएगी एमसीडी। उन्होंने कहा कि अब जनता निर्णय लेगी और सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा कि RWAs को मिनी पार्षद का स्टेटस दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के काम करवाने के लिए Fund सरकार देगी।
केजरीवाल ने साफ तौर पर कहा कि इसका मक़सद दिल्ली की सत्ता जनता के हाथों में देना है। दिल्ली का हर व्यक्ति मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि हम RWAs को राजनीतिक-आर्थिक रूप से सशक्त करने जा रहे हैं। आप सभी घर-घर जाकर और व्हाट्सऐप मैसेज भेज कर आप को वोट देने की अपील करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी और पार्टी का पार्षद बनाया तो वो RWAs के काम नहीं करने देगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 250 में से 230 सीटों पर हम जीत दर्ज कर सकते हैं। केजरीवाल ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा से पूछा है कि लंदन में कूड़े के पहाड़ कहां है, यह बता दो? टोक्यो में कूड़े का पहाड़ कहां है, वह बता दो? उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर में कहां कूड़े के बाहर है वह बता दो?

केजरीवाल ने साफ तौर पर कहा कि 5 साल पहले भी उन्होंने कूड़े के पहाड़ पर ही चुनाव लड़ा था, अभी तक यह नहीं हटा। उन्होंने कहा कि हर चीज में भाजपा अड़ंगा लगाती है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि काम रोकने वाले को जनता पसंद नहीं करती काम करने वालों को जनता पसंद करती है। सत्येंद्र जैन पर पूछे गए सवाल को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मेरे पास एक मैसेज आया था इसमें कहा गया था कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के दुकान को दिल्ली वालों ने बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में रोज पिक्चर रिलीज किए जाते हैं, वैसे ही भाजपा रोज एक वीडियो रिलीज कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह वीडियो काफी बोरिंग होते हैं। भाजपा इसमें रिंकिया के पापा का गाना भी डाल सकती है।