Breaking News

2014 से पहले भारत आंशिक मुस्लिम राष्ट्र था: सुधांशु त्रिवेदी

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि 2014 से पहले भारत आंशिक मुस्लिम राष्ट्र था। उसके बाद भारत वास्तविक सेक्युलर राष्ट्र बना। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का एकलौता गैर मुस्लिम राष्ट्र था जहां कानून में शरिया के प्रावधान भी शामिल है। इसमें चार पत्नी,हलाला,मेहरम, तीन तलाक जैसे मामले थे।। जिन्हें संवैधानिक दर्जा प्राप्त था। उनके मुताबिक सिर्फ मुस्लिम देशों में ही शरिया और न्यायालय में अगर कोई विवाद हो तो शरिया को ऊपर माना जाता है और यही स्थिति अपने यहां शाहबानो केस में हुई थी। तीन तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसमें अभी कानून बना है और इसके परिवर्तन सामने दिखने में कुछ समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि तीसरे चरण का चुनाव प्रचार आज खत्म हो रहा है और तीनों विपक्षी दलों की स्थितियां साफ होती नजर आ रही हैं। यह भी साफ हो रहा है कि तीनों विपक्षी दल किन किन कारणों से मैदान में हैं। उनके मुताबिक सपा अपनी जमीन बचाने के लिए मैदान में है वहीं बसपा को अपना वजूद बचाना है। कांग्रेस अपने अस्तित्व को बचाने में लगी हुई है। ओवैसी आग लगाने के लिए मैदान में हैं, जबकि भाजपा सरकार बनाने के लिए। उनके मुताबिक पहले तीन चरण में समाजवादी पार्टी का चाल,चेहरा और चरित्र विद्रूप रूप में सबके सामने आ रहा है। अखिलेश यादव जिस तरह की भाषा कर का प्रयोग कर रहे हैं और उनकी सभाओं में जैसी उद्दडंता होती है वह सपा का चेहरा दर्शाती है। इन्हीं सपाइयों ने कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान जानबूझकर एक कार में तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि आज भारत का समाज अपना स्वाभिमान प्रकट कर रहा है। पहले वह अपनी यह शक्ति भूला हुआ था। मुलायम सिंह यादव के संबंध में उन्होंने कहा कि एक समय वह धरतीपुत्र कहे जाते थे। फिर वह एक वर्ग के नेता रह गए। फिर जाति के और अब सिर्फ अपने पुत्र के नेता बचे हैं। यह उनके लिए त्रासदी है।