Breaking News

सपा के वरिष्ठ नेता अहमद हसन का निधन

लखनऊ, । समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा विधान परिषद में नेता सदन अहमद हसन का शनिवार को निधन हो गया। वह लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। इससे पहले भी उनको उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सत्र के दौरान 16 दिसंबर को सीने में दर्द की शिकायत होने के बाद उनको दिक्कत के बाद गुरुवार को केजीएमयू के लॉरी कॉडियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था। जहां उनसे मिलने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता 75 वर्षीय अहमद हसन ने शनिवार को अंतिम सांस ली। उनको शनिवार तड़के तबीयत अधिक खराब होने के कारण भर्ती कराया गया था। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक पूर्व आइपीएस अफसर अहमद हसन मुलायम सिंह यादव की हर सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे। उनको समाजवादी पार्टी विधान परिषद से ही सदन में लाती थी। पार्टी के थिंक टैंक माने जाने वाले अहमद हसन का विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान समाजवादी पार्टी के लिए भी एक झटका माना जा रहा है। अम्बेडकर नगर के मूल निवासी अहमद हसन अब लखनऊ में ही निवास कर रहे थे। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साथ पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा अन्य नेताओं ने शोक जताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल तथा मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी भी उनके आवास पहुंचे हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने वरिष्ठ सदस्य एवं विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष श्री अहमद हसन के निधन का संदेश जानकर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अहमद हसन आईपीएस से सेवानिवृत्त के उपरांत उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे तत्कालीन सरकार में हमारे साथी रहे श्री हसन कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सरलता सहजता एवं वाकपटुता से सभी लोगों के प्रिय रहे हैं। श्री चौधरी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा के चिर शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

हृदय नारायण दीक्षित दु:खी : उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष श्री अहमद हसन के निधन का संदेश जानकर दु:खी हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्री अहमद हसन भारतीय पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने के उपरांत करीब 40 वर्षों से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे तत्कालीन सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सरलता सहजता एवं वाकपटुता के लिए जाने जाते रहे हैं। श्री दीक्षित ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को चिर शांति व शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।