Breaking News

लगातार दूसरी हार के बाद रोहित शर्मा से बात करते दिखे आकाश अंबानी, हार्दिक पंड्या की कप्तानी को खतरा ?

बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को बुरी तरह हरा दिया। हैदराबाद ने इस मैच में आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। मुंबई की टीम हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खेल रही थी। टीम की हार के बाद उसकी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई। मैच के बाद आकाश अंबानी, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से बातचीत करते नजर आए। रोहित और आकाश की फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।

दरअसल, मुंबई इंडियंस ने इस सीजन के लिए बड़ा फैसला लिया था। उसने रोहित को कप्तानी से हटा दिया था। उनकी जगह पंड्या को ये जिम्मेदारी सौंपी। लेकिन हैदराबाद के खिलाफ पंड्या की कप्तानी बेहद खराब रही। उनकी कप्तानी पर कई पूर्व क्रिकेटर्स ने भी सवाल उठाए हैं। मैच के बाद आकाश और रोहित के बीच बातचीत हुई। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की गई है और अटकलें लगाए जा रही हैं कि रोहित को फिर से कप्तानी मिल सकती है।

हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 277 रन बनाए। उसने आरसीबी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आरसीबी के नाम दर्ज था। लेकिन अब हैदराबाद के नाम हो गया है। हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासेन ने नाबाद 80 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंदों में 7 छक्के और 4 चौके लगाए। अभिषेक शर्मा ने 63 रन और ट्रेविस हेड ने 62 रनों की पारी खेली।