Breaking News

मनीष सिसोदिया की जमानत पर पर बोली बांसुरी, दिल्ली के ऐसे शिक्षा मंत्री हैंजिन्होंने दिल्ली के बच्चों को पाठशाला से मधुशाला में धकेलने का पाप किया है

आप नेता मनीष सिसोदिया को जमानत दिए जाने पर भाजपा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस साल ही उनकी जमानत याचिका सात बार खारिज हो चुकी है। आज उनके वकीलों ने मेरिट के आधार पर दलील नहीं दी, उनकी दलीलें देरी पर आधारित थीं। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया 17-18 महीने जेल में रहे और उसी आधार पर – ट्रायल में देरी के आधार पर, उन्हें जमानत दे दी गई। भाजपा नेता ने साफ तौर पर कहा कि सिसोदिया अभी भी आरोपी हैं, और दिल्ली के लोगों के साथ विश्वासघात करने के लिए उनकी जवाबदेही कानून की अदालत में है।

अपना हमला तेज करते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा कि मनीष सिसोदिया दिल्ली के ऐसे शिक्षा मंत्री हैं जो पापी हैं और जिन्होंने दिल्ली के बच्चों को पाठशाला से मधुशाला में धकेलने का पाप किया है। उन्होंने आगे कहा कि 26 फरवरी 2023 को मनीष सिसोदिया को गिरफ़्तार किया गया। यह जमानत लेने का उनका 8वाँ प्रयास था। आज उनके वकीलों ने योग्यता के आधार पर उनकी जमानत के लिए कोई मामला पेश नहीं किया, बल्कि उनकी दलील मुकदमे में देरी पर आधारित थी। मैं यहाँ उस मिथक और अफ़वाह को दूर करने के लिए आई हूँ जिसे AAP उनकी रिहाई के फ़ैसले के ज़रिए फैलाने की कोशिश कर रही है। मनीष सिसोदिया निर्दोष साबित नहीं हुए हैं। मनीष सिसोदिया अभी भी दिल्ली की जनता और कानून की अदालत के प्रति जवाबदेह हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जमानत का मतलब ये नहीं है कि आरोपी दोषी नहीं है। मनीष सिसोदिया बेल पर रिहा जरूर हुए हैं लेकिन जांच अभी चल रही है। भाजपा हमेशा से कोर्ट के निर्णय का सम्मान करती है। जो लोग आज सत्यमेव जयते लिख रहे हैं। पिछले हफ्ते इनका गला सूख गया था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय जो दिल्ली नगर निगम पर आया था उस समय जिस प्रकार की बौखलाहट इन्होंने दिखाई थी वो दिखाता था कि इनका कोर्ट के प्रति कितना सम्मान है। जांच अभी चल रही है। शराब नीति घोटाले में सब दोषी करार दिए जाएंगे।