Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल करने वाले नीरज चोपड़ा से बात की और रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल करने वाले नीरज चोपड़ा से बात की और रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने उनकी चोट के बारे में भी जानकारी ली और उनकी मां की खेल भावना की सराहना की। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश के विभिन्न वर्ग के लोगों ने नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए भाला फेंक के इस स्टार खिलाड़ी को उत्कृष्टता का साकार रूप करार दिया। तोक्यो ओलंपिक के चैंपियन चोपड़ा ने बृहस्पतिवार को पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक में रजत पदक जीता।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का साकार रूप हैं। बार-बार उन्होंने अपनी श्रेष्ठता की बानगी दी है। भारत हर्षित है कि उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक में सफलता पाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि रजत जीतने पर उन्हें बधाई। वह आने वाले असंख्य खिलाड़ियों को अपने सपने पूरे करने और देश को गौरवान्वित करने के लिये प्रेरित करते रहेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू ने उम्मीद व्यक्त की कि चोपड़ा आगे भी देश के लिए पदक जीतेंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने और इतिहास रचने पर हार्दिक बधाई। वह लगातार दो ओलंपिक खेलों में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत को उन पर गर्व है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। भारत को उम्मीद है कि नीरज चोपड़ा भविष्य में और अधिक पदक जीत कर देश का गौरव बढ़ाएंगे।

अपने बेटे के रजत पदक से खुश नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने पेरिस में गत चैंपियन भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी को हराकर ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम के लिए भी खुशी व्यक्त की और कहा कि वह भी उनके ‘बच्चा’ जैसा है। नदीम ने गुरुवार की रात 92.97 मीटर के रिकॉर्ड ओलंपिक प्रयास से स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि नीरज ने सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.45 मीटर के साथ रजत पदक जीता।

सरोज ने पानीपत के खंडरा गांव में कहा कि हम रजत पदक से बहुत खुश हैं, जिसने स्वर्ण पदक जीता वह भी हमारा बच्चा है और जिसने रजत पदक प्राप्त किया वह भी हमारा बच्चा है… सभी एथलीट हैं, सभी कड़ी मेहनत करते हैं। उन्होंने गुरुवार देर रात को दिये इस इंटरव्यू में कहा, ‘‘नदीम भी अच्छा है, वह अच्छा खेलता है, नीरज और नदीम में कोई अंतर नहीं है। हमें स्वर्ण और रजत पदक मिला, हमारे लिए कोई अंतर नहीं है।