Breaking News

कांग्रेस को कम से कम 75 सीटें मिलेंगी, हरियाणा में परिवर्तन का माहौल है और कांग्रेस को निश्चित रूप से बड़ी सफलता मिलेगी: अशोक तंवर

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होते ही अशोक तंवर ने हरियाणा चुनाव को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कम से कम 75 सीटें मिलेंगी। परिवर्तन का माहौल है और कांग्रेस को निश्चित रूप से बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों के साथ खड़ी है और यह जनादेश उन लोगों के खिलाफ है जो पिछले 10 वर्षों में लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके। उन्होंने दावा किया कि बदलाव का माहौल है। सब लोग कह रहे हैं कि हाथ बदलेगा हालात। बड़ी सफलता कांग्रेस पार्टी को मिलेगी।

वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वही होगा जिसे कांग्रेस विधायक चाहेंगे और हाईकमान तय करेगी। हम बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, विकास आदि मुद्दों पर काम करेंगे। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पिछली बार इन्होंने(भाजपा) हरियाणा में नारा दिया था 75 पार, लेकिन वह 40 पर रुक गया। आज वे 50 की बात कर रहे हैं लेकिन इस बार कितने पर रुकेंगे यह देखना है। यह संविधान बचाने का भी चुनाव है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों ने मन बना लिया है भाजपा की सरकार जा रही है और कांग्रेस की सरकार आ रही है… INLD, JJP भाजपा की B टीम हैं। बहुत से निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा द्वारा प्रायोजित हैं, लोग ऐसे उम्मीदवारों को नकार रहे हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने शनिवार को कहा कि हरियाणा के लोग राज्य में मौजूदा सरकार को बदलने और उनकी पार्टी (कांग्रेस) को सत्ता में लाने के लिए विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे थे। हिसार जिले में वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘‘हमने लोकसभा चुनाव से पहले भी लोगों में यह रुझान देखा है, वे (लोग) शासन बदलने और कांग्रेस सरकार चुनने के लिए इस दिन का इंतजार कर रहे थे।’’