Breaking News

ओडिशा में बोले पीएम मोदी, भारत के लोगों ने कई दशकों में नहीं देखा वह एक दशक में ही दिखाई देने लगा

ओडिशा के मयूरभंज में सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, मुझे अपार प्यार और उत्साह मिलता है।’ लोगों का मुझ पर पूर्ण विश्वास इस बात का प्रमाण है कि तीसरी बार मोदी सरकार बनना तय है! देश को सचमुच ‘मजबूत मोदी सरकार’ मिलने जा रही है।’ उन्होंने कहा कि देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। जो विकास भारत के लोगों ने कई दशकों में नहीं देखा वह एक दशक में ही दिखाई देने लगा। मोदी ने कहा कि 2014 में हम दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थे। लेकिन आज हम दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। 2014 से पहले, स्वच्छता कवरेज 40% था, लेकिन आज, यह 100% है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले 5 वर्ष भारत के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों वाले होंगे। अगले 5 वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अगले 5 वर्षों में भारत एक आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में मजबूती से उभरेगा। अगले 5 साल भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह से बदलने वाले होंगे। ओडिशा और इसके लोगों को जल्द ही हमारे देश के इस विकास से अत्यधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोदी की एक और गारंटी है। ये गारंटी 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की है। इससे भी ओडिशा की लाखों बहनों को सीधा लाभ होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आपका बिजली बिल जीरो करेगी ही, लेकिन साथ में आप बिजली बेचकर कमाई भी करेंगे। इस योजना का नाम है – पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना। आपकी छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए मोदी सरकार 75 हजार रुपये से ज्यादा आपको देने वाली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जो वनधन योजना चलाई है। यहां भाजपा सरकार बनते ही उसको भी ठीक से लागू किया जाएगा। मोदी सरकार ने आदिवासी कल्याण बजट को पहले की तुलना में 5 गुना बढ़ा दिया है। आपका सेवक मोदी आदिवासी समुदाय का पूरा ख्याल रखता है। हमने रुपये निर्धारित किये हैं। पीएम-जनमन योजना के लिए 24,000 करोड़ रुपये, एक पहल जिसका उद्देश्य पीवीटीजी का कल्याण सुनिश्चित करना है।

विपक्ष पर वार करते हुए मोदी ने कहा कि BJD पर आपने 25 साल भरोसा किया, लेकिन BJD ने हर कदम पर आपके भरोसे को तोड़ा है। यही BJD सरकार आदिवासी बंधुओं की जमीन हड़पने के लिए कानून लेकर आई थी। भाजपा के दबाव में उसे वो कानून वापस लेना पड़ा। अब इस बार अगर इन्हें मौका मिला, तो ये आदिवासियों की जमीन हड़पने का अवसर छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि BJD ने आपकी खनिज संपदा को भी लुटा है। मोदी ने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड बनाकर हजारों करोड़ रुपये ओडिशा को दिए। BJD में इसमें भी घोटाला कर दिया। लोग कह रहे हैं कि ओडिशा का लुटा हुआ पैसा विदेशों तक जा रहा है। लूट का माल ये कहीं भी छिपा लें, मोदी पाई-पाई निकालेगा।

उन्होंने कहा कि BJD सरकार ने सबसे धोखा तो महाप्रभु के श्री रत्न भंडार को लेकर किया है। आज ओडिशा ही नहीं, पूरा देश जानना चाहता है कि रत्न भंडार की चाबी गई कहां? जो जांच हुई थी, उसकी रिपोर्ट में किसका नाम है? मैं मेरे ओड़िशावासियों को विश्वास दिलाता हूं कि BJD सरकार जो छुपा रही है, उसका खुलासा ओडिशा में भाजपा सरकार बनने के बाद हम करेंगे। उन्होंने कहा कि आजकल नवीन बाबू के सभी शुभचिंतक बहुत चिंता में हैं। वो ये देखकर बहुत परेशान हैं कि पिछले 1 साल में नवीन बाबू की तबियत इतनी कैसे बिगड़ गई। वर्षों से नवीन बाबू के करीबी लोग जब मुझसे मिलते हैं, तो वो नवीन बाबू की तबियत की चर्चा जरूर करते हैं। वो बताते हैं कि नवीन बाबू अब खुद से कुछ कर नहीं पा रहे हैं। अरसे तक नवीन बाबू के करीबी रहे लोगों का मानना है कि उनकी तबियत बिगड़ने के पीछे कोई साजिश भी हो सकती है।