लखनऊ हाथरस का कस्बा मुरसान मंगल ग्रह पर पहुंच गया है। यूपी के महान वैज्ञानिक का नाम अमर हो गया है। मंगल ग्रह की सतह पर खोजे गए तीन क्रेटर्स में से दो के नाम यूपी से जुड़े हैं।
भारतीय वैज्ञानिकों ने हाल में मंगल ग्रह की सतह पर तीन क्रेटर्स (गड्ढे) खोजे हैं। यह खोज अहमदाबाद के फिजिकल रिसर्च लैबोरेटरी के वैज्ञानिकों ने की है। इन तीन क्रेटरों में से दो के नाम उत्तर प्रदेश के महान अंतरिक्ष वैज्ञानिक और हाथरस के कस्बे मुरसान के नाम पर रखे गए हैं, जबकि तीसरे क्रेटर का नाम बिहार के एक कस्बे हिलसा के नाम पर रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ ने इन नामों को मंजूरी दे दी है। ये तीनों क्रेटर्स मंगल के थारिस क्षेत्र में मौजूद हैं, जो ज्वालामुखियों से भरा हुआ है। थारिस मंगल ग्रह के पश्चिमी गोलार्ध में भूमध्य रेखा के पास केंद्रित विशाल ज्वालामुखीय पठार है।