Breaking News

पिछले 5 वर्षों में झामुमो और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार ने झारखंड को तबाह और बर्बाद कर दिया है: शिवराज सिंह

केंद्रीय मंत्री और झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के युवाओं, महिलाओं और लोगों के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पिछले 5 वर्षों में झामुमो और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार ने झारखंड को तबाह और बर्बाद कर दिया है। झारखंड में माँ, बहन और बेटी का सम्मान सुरक्षित नहीं है, ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

शिवराज ने आरोप लगाया कि झारखंड में लूट मची है। झामुमो और कांग्रेस सरकार के मंत्रियों और सांसदों के घरों से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। ये पूरे झारखंड को बेचकर खा गए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास और जनता कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पंच प्रण लिए हैं। उन्होंने कहा कि ये जो तूफान आ रहा है दाना तूफान, इस तूफान से ज्यादा खतरनाक तो झामुमो और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है, जिसने झारखंड को बर्बाद कर दिया। आइए, आज नामांकन के साथ इस सरकार को उखाड़कर फेंकने का संकल्प लीजिए।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 66 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार से, लोबिन हेम्ब्रोम बोरियो से और सीता सोरेन जामताड़ा से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को सरायकेला से, गीता बलमुचू को चाईबासा से, गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर से और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका से उम्मीदवार बनाया गया है।

झारखंड में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू), जनता दल (यूनाइटेड) (जेडी-यू) और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के साथ गठबंधन में लड़ेगी। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।