Breaking News

सरकार से सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा व मंहगाई को लेकर महिलाओं को उम्मीद

संतकबीर नगर। संतकबीरनगर में विधान सभा चुनाव के दौरान नई सरकार बनाने में अहम योगदान निभाने वाली आधी आबादी की सरकार से उम्मीदें और बढ़ गई हैं। हालांकि आधी आबादी को सरकार के प्रति पूरा भरोसा है। यही कारण है कि चुनाव में महिलाओं का वोट प्रतिशत अधिक रहा ही, साथ ही इनका रुझान भारतीय जनता पार्टी की तरफ ही अधिक रहा है। अब जब नई सरकार बनने जा रही है तो आधी आबादी की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। महिलाओं की माने तो पिछली सरकार ने महिलाओं के उत्थान पर जोर दिया है, उम्मीद है कि इस बार और अधिक पहल होगी।
इस बार के विधान सभा चुनाव में आधी आबादी की भूमिका काफी अहम रही। महिलाओं ने अपने हक और अधिकार को लेकर जमकर मतदान किया। उनके उत्साह की देन रही कि जिले की तीनों विधान सभा सीटों पर पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने सबसे अधिक मतदान किया। आंकड़ों को देखा जाए तो महिलाओं ने करीब 13 प्रतिशत अधिक मतदान किया है। भारतीय जनता पार्टी की जीत का प्रमुख कारण आधी आबादी का अधिक मतदान करना रहा है। क्योंकि पिछली सरकार के कार्य को लेकर आधी आबादी का रुझान भाजपा की तरह अधिक रहा। शनिवार को हिन्दुस्तान ने महिलाओं से बात किया तो महिलाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। इनका कहना था कि हमने इस बार सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा के साथ ही मंहगाई के नियंत्रण के मुद्दे पर मतदान किया है। हमारी उम्मीद है कि नई सरकार महिलाओं के उत्थान को लेकर और कार्य करेगी।
मेंहदावल की नीरज ने कहा कि आधी आबादी ने इस बार का मतदान अपने हक और अधिकार के लिए किया है। पुरानी सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए बहुत से कार्य किए हैं। इस बार उम्मीद और अधिक बढ़ गई है। नई सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के साथ मंहगाई को कम करने काम भी करेगी। सांड़े कला की प्रतिभा ने कहा कि नई सरकार से आधी आबादी की ही नहीं सभी की उम्मीदें अधिक हैं। मंहगाई कम होने के साथ ही रोजगार को लेकर सभी आश्वस्त हैं। प्रदेश में दुबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के साथ जिम्मेदारी भी अधिक बढ़ गई है। जो वायदा किया है वह जरूर पूरा करे।
मगहर की मीरा देवी नई सरकार से उम्मीदें बढ़ गईं हैं। महिलाओं को रोजगार देने के साथ ही महंगाई पर अंकुश लगना बहुत जरूरी है। सुरक्षा और अधिकार को लेकर पूर्व की सरकार ने काफी बेहतर काम किया था, जिसे और मजबूत करने की जरूरत है। बखिरा के प्रिया पटेल ने कहा कि आधी आबादी हमेशा से ही विकास, शिक्षा और सुरक्षा को लेकर मुखर रही है। यही कारण है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया है। इस बार का वोट महिलाओं ने अपने अधिकार के लिए किया है। नई सरकार में उम्मीद है कि प्रदेश का विकास और तेज होगा। बखिरा की पुष्पा ने कहा कि राजभर महिला सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी को अधिक वोट मिले हैं। महिलाओं ने पूरा भरोसा जताया है। सपा के हारने का प्रमुख कारण 2012 से 2017 के बीच उनकी सरकार में कानून व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति रही है।