Breaking News

हम केवल चुनाव के लिए नहीं आए हैंए जनता की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर आए हैं: शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को शहडोल में ‘जीतेंगे बूथ जीतेगी भाजपा’ के तहत एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केवल चुनाव के लिए नहीं आए हैं, जनता की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर आए हैं। जितने विकास कार्य भाजपा ने किए हैं उतने कांग्रेस ने कभी नहीं किए। उन्होंने बर्बाद किया है और हमने आबाद किया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव क्यों होते हैं, सरकार क्यों बनती है, इस पर विचार करिए। हालांकि मुख्यमंत्री ने इसका मतलब भी खुद ही बताया। उन्होंने कहा कि अपने शहर के विकास के लिए चुनाव होता है। सड़क, नाली, बस स्टैंड, मॉडल रोड, पार्क इत्यादि बन जाए। इसी बीच उन्होंने कहा कि शहडोल को हमने संभाग बनाया। किसी ने सोचा था यहां पर मेडिकल कॉलेज होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिवर्सिटी और डिग्री कॉलेज बनाया। यहां पर जितने काम भाजपा सरकार ने किए क्या उतने कांग्रेस ने काम किया ? उन लोगों ने कभी विकास नहीं किया। उनके जमाने की सड़कें याद आ जाती हैं तो हालात खराब हो जाती है। अगर कोई रीवा-सीधी से शहडोल आता था तो गाड़ी टूट जाती थी और हड्डियां भी चटक जाती थी। 2003 से पहले क्या हाल था देख लो, उन्होंने बर्बाद किया और हमने आबाद किया।

कमलनाथ पर बरसे शिवराज

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 महीने के लिए कमलनाथ आए थे और तब वो रोते ही रहते थे। कहते थे कि मेरे पास पैसे ही नहीं हैं, मामा खजाना खाली कर गया। वो रोते ही रहते थे। उन्होंने कहा कि क्या कोई मुख्यमंत्री रोता है क्या ? वो कहते थे पैसा नहीं है और मैं कहता हूं कि धनपुरी के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं है। मैंने अभी भी भरपूर पैसा दिया है और काम गिनाने के लिए अभी समय नहीं है, विकास के लिए आगे और पैसा दूंगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार दिखने लगी तो कमलनाथ जी अधिकारियों को ही कोसने और धमकाने लगे। जब उन्होंने गरीबों के कल्याण की योजनाएं ही बंद कर दी थीं, तो जनता की नाराजगी को कैसे रोक सकते हैं? कांग्रेस की हार तय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ ने मुख्यमंत्री बनने पर गरीब कल्याण की जो योजनाएं रोकीं थीं, उन्हें शुरू कर दिया है। संबल योजना का लाभ दिया जा रहा है। मेरे जिनके नाम सूची से बाहर किए गए थे, उन्हें भी सूची में जोड़ा जा रहा है।