Breaking News

राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से विकास और समृद्धि के नए आयाम प्रस्थापित करने के लिए हम कटिबद्ध: नीतिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा को एक बड़ी सौगात देते हुए मंगलवार को सोनीपत में दिल्ली से पानीपत 8-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर 11 फ्लाईओवरों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, स्थानीय सांसद और विधायक भी उपस्थित थे। गडकरी ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग केवल देश के नागरिकों की यात्रा को सुगम बनाने का कार्य नहीं करता बल्कि देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का भी कार्य करता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से पानीपत तक 8-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर ₹890 करोड़ की लागत से इन 11 फ्लाईओवरों का निर्माण किया गया है।

उन्होंने कहा कि कुल 24 किमी लंबाई के इन फ्लाईओवरों समेत बना दिल्ली से पानीपत तक का यह कॉरिडोर हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के आर्थिक नोड्स को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। गडकरी ने कहा कि दिल्ली से पानीपत तक यह राजमार्ग आद्योगिक क्षेत्रों के साथ कृषि क्षेत्रों को जोड़ेगा, जिससे माल और अंतिम उत्पात के ढुलाई में आसानी होगी। दिल्ली-पानीपत कॉरिडोर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल एवं जम्मू-कश्मीर में आने-जाने वाले पर्यटकों के आवागमन में भी सुगमता लाएगा। गडकरी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से विकास और समृद्धि के नए आयाम प्रस्थापित करने के लिए हम कटिबद्ध हैं।

हम आपको यह भी बता दें कि बाद में गडकरी ने नई अनाज मंडी में गौरव भारत रैली को संबोधित कर मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को भी गिनवाया। भारत गौरव रैली में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में प्रदेश के कोने-कोने से भाजपा कार्यकर्ता उमड़े थे। अभी हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हरियाणा का दौरा कर जनसभा को संबोधित किया था। अब गडकरी की रैली के बाद भाजपा ने संकेत दे दिया है कि वह राज्य में चुनावी तैयारी में जुट चुकी है। गौरतलब है कि 2024 में अप्रैल-मई में लोकसभा चुनावों के बाद ही अक्टूबर माह में राज्य विधानसभा के चुनाव भी कराये जाएंगे। हरियाणा में भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में है। इससे पहले पार्टी के पास पूर्ण बहुमत था लेकिन इस बार वह दुष्यंत चौटाला की पार्टी और कुछ निर्दलीयों के समर्थन से सरकार चला रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री खट्टर और उपमुख्यमंत्री चौटाला के बीच मतभेद भी सामने आये थे।