Breaking News

रामनवमी जुलूस में हिंसा के बाद सासाराम में धारा 144 लागू गृह मंत्री अमित शाह ने की गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर से बातचीत

बिहार में रामनवमी के दिन हिंसा हुई थी, जो अब तक नहीं थम सकी है। हिंसा के कारण पैदा हुआ तनाव अब भी राज्य में बरकरार है। एक अप्रैल को बिहार शरीफ और सासाराम में फिर से उपद्रवियों ने तांडव किया। इस मामले में पुलिस ने बिहार शरीफ और सासाराम में धारा 144 लागू कर दी है। बिहार की हिंसा को लेकर अब तक पुलिस ने 106 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक यहां बिहार शरीफ के पहाड़पुर में 12 राउंड गोलियां चलाई गई है, जबकि सासाराम में धार्मिक स्थल के बाहर बम फेंका गया था।

बिहार में लगातार हो रही हिंसा को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर से बात कर उनसे कानून व्यवस्था की जानकारी ली है। उन्होंने बिहार में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती करने का फैसला किया है। बता दें कि कुछ कंपनियों को बिहार के संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। कई कंपनियों को रविवार को बिहार में पहुंचने के निर्देश दिए गए है। अर्धसैनिक बल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राज्य में शांति स्थापित करने पर जोर देंगे। अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और भी ज्यादा कड़ा किया गया है।

सूत्रों ने कहा, ‘‘गृह मंत्री ने बिहार के राज्यपाल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य में हिंसा पर चिंता भी व्यक्त की।’’ ऐसी जानकारी है कि राज्यपाल ने शाह को राज्य में मौजूदा हालात की जानकारी दी। गौरतलब है कि रामनवमी पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस ने सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में शनिवार तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों शहरों में सांप्रदायिक हिंसा में कई वाहनों, मकानों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था। हिंसा में कई लोग घायल हुए थे।

सासाराम में जिला प्रशासन ने फिर से झड़प होने के बाद शुक्रवार दोपहर को निषेधाज्ञा आदेश लागू कर दिया था। यही नहीं, गृह मंत्री ने रविवार को सासाराम का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख सम्राट चौधरी ने मौर्य राजवंश के सम्राट अशोक की जयंती का जश्न मनाने के लिए सासाराम में प्रस्तावित कार्यक्रम के रद्द होने के लिए बिहार की नीतीश कुमार सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। शाह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को नवादा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

धारा 144 भी हुई लागू
जानकारी के मुतबाकि हिंसा के बाद से ही पुलिस महकमा अलर्ट पर है। नालंदा में अबतक 80 लोगों कि गिरफ्तारी हो चुकी है। इलाके में एहतियात के तौर पर धारा 144 लागू की गई है। सासाराम में 26 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। हिंसा को देखते हुए सासाराम में सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए है। कोचिंग संस्थानों में भी छु्ट्टी घोषित की गई है।