Breaking News

Russia Ukraine War LIVE : रूस ने यूक्रेन के कई शहरों में की एयर स्ट्राइक, युक्रेन का दावा: खेरसान में दो रूसी हेलीकाप्टरों को मार गिराया

कीव, रूस यूक्रेन युद्ध का आज 18वां दिन है। रूस-यूक्रेन की जंग थमने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। युद्ध के 18वें दिन रूसी सेना लगातार हमले कर रही है। यूक्रेन के अधिकतर शहर जल रहे हैं। हालात यह है कि लगातार हो रही गोलाबारी से सरकारी इमारतें और घर तबाह हो गए हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पुतिन को बातचीत का आफर दिया है। इसी बीच यूक्रेन का दावा है कि उसने खेरसान में दो रूसी हेलीकाप्टरों को मार गिराया है। हालांकि, इस दौरान रूस ने यूक्रेन के कीव ओब्लास्ट पर लगातार बम बरसाए। साथ ही रूसी सैनिकों ने कीव में ग्रीन कोरिडोर के जरिए रेस्क्यू कर रही महिलाओं और बच्चों पर गोली चलाई, जिसमें एक बच्चे समेत 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कीव इंडिपेंडेंट के अनुसार यूक्रेन और रूस के बीच वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए शांति वार्ता हुई। इस वार्ता की शीर्ष प्राथमिकताओं में विशेष रूप से मारियुपोल शहर के लिए मानवीय कोरिडोर का विस्तार और स्थापना करना है।

युद्ध के 18वें दिन यूक्रेन पर रूस के हमले जारी हैं। इसी बीच द कीव इंडिपेंडेंट ने दावा किया है कि ल्वीव और खेरसान में कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई है।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बयान आया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन संघर्ष जारी है और आगे भी बढ़ सकता है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन के पास रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करने के लिए कोई नहीं है। बाइडेन की सभी कमजोरी, कायरता और अक्षमता के बावजूद, यूक्रेन में इस त्रासदी को समाप्त करने के लिए उसके पास अभी भी एक रास्ता है। बिना अमेरिकियों को एक भीषण और बहुत खूनी युद्ध में फंसाए। ट्रम्प ने सुझाव दिया कि वाशिंगटन को मास्को को उग्र परिणामों के साथ धमकी देनी चाहिए।

रूस लगातार यूक्रेन के शहरों को निशाना बना रहा है। इसी बीच यूक्रेन के लगभग हर क्षेत्र में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि रूस किसी भी वक्त यूक्रेन के इन शहरों में हमले कर सकता है। इनमें खार्किव, क्रामटोर्स्क, स्लोवियनस्क, विन्नित्सिया, कीव, पोल्टावा, जाइटामिर, खमेलनित्स्की, किलिया, युजने, चेर्नोमोर्स्क, बिलाइवका और अवदिवका में सायरन सुनाई दिए गए हैं। यूक्रेन के द कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक इन शहरों के निवासियों को तत्काल निकटतम आश्रय में जाने के लिए कहा गया है।