Breaking News

राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर राहुल गांधी का भावुक पोस्ट: मैं आपकी कमी बहुत ज्यादा महसूस करता हूं

देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता रहे राजीव गांधी की आज 31वीं पुण्यतिथि है। आज ही के दिन 31 साल पहले तमिलनाडु में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। पूरा देश आज राजीव गांधी को याद कर रहा है। इसी कड़ी में राजीव गांधी के बेटे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी उनको याद किया है। पिता की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी ने काफी भावुक ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा कि मेरे पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों से आधुनिक भारत को आकार देने में मदद मिली। वह एक करुणामयी और दयालु व्यक्ति थे। मेरे और प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता थे, जिन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति के मूल्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा, मैं उनकी कमी महसूस करता हूं, उस समय को सप्रेम याद करता हूं, जो हमने साथ गुजारे थे।

प्रियंका गांधी ने अपने पिता के बारे में किए गए राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट किया। वहीं, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली के वीर भूमि में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे युवा प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा, जिनकी दूरदर्शिता के फलस्वरूप ही देश कंप्यूटर युग में प्रवेश कर सका। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।

कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने भोपाल में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। उन्होंने प्रधानमंत्री के तौर पर 1984 से 1989 तक देश का नेतृत्व किया। 21 मई 1991 को तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी।