Breaking News

त्रिपुरा में दोनों सीटों पर खिला कमल, केरल में जीती काग्रेंस जानिए बाकी का क्या है हाल

उत्तर प्रदेश के घोसी सहित छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज यानी शुक्रवार को आएंगे। इसके लिए मतगणना जारी है। इस उपचुनाव को एक तरह से ‘INDIA’ और NDA के बीच का पहला मुकाबला माना जा रहा है। ऐसे में ये परिणाम एक तरह से यह इंडिया और एनडीए गठबंधन की परीक्षा होगी। इन चुनावों के ठीक पहले विपक्ष ने इंडिया के नाम से नया गठबंधन बनाया है।

कांग्रेस ने भाजपा-एलडीएफ को कितने अंतर से दी शिकस्त?

कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन शुरुआती चरणों की गिनती से ही अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे थे। उनके निकटतम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी – सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के जैक सी थॉमस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिजिन लाल किसी भी चरण की गिननी में उनसे आगे नहीं निकल सके।

चांडी ओमन (37) वर्तमान में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पहुंच प्रकोष्ठ के अध्यक्ष है। वह निर्वाचन क्षेत्र में अपने पिता के रिकॉर्ड 33,255 मतों के अंतर से जीत को आसानी से पार गए। उनके पिता ने पांच दशकों से अधिक समय तक राज्य विधानसभा में पुथुपल्ली का प्रतिनिधित्व किया था।

घोसी में भाजपा के दारा सिंह 20 हजार वोट से पिछड़े

घोसी उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है। समाजवादी पार्टी की लगातार बढ़त बरकरार है। 15वें राउंड के बाद सपा के सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर 20 हजार से अधिक वोटों से बढ़त बनाई हुई है। भाजपा के दारा सिंह चौहान लगातार पिछड़ रहे हैं।

उत्तराखंड के बागेश्वर उप चुनाव में 12वें राउंड की गिनती हो चुकी है। भाजपा की पार्वती दास अब 2357 वोटों से आगे हैं। इसी के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

पुथुपल्ली में यूडीएफ के चांडी ओमान ने दर्ज की जीत

केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई और शुरुआती रुझानों में विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के उम्मीदवार चांडी ओमन ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने निकटतम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों – सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के जैक सी थॉमस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिजिन लाल को हराया।

बॉक्सनगर-धनपुर सीट पर कितने अंतर से जीती भाजपा?

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बॉक्सनगर सीट पर 30,237 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर करीब 66 फीसदी मतदाता अल्पसंख्यक हैं। हुसैन को 34,146 वोट मिले जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी मिजान हुसैन को 3,909 वोट मिले।

उधर धनपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी बिंदू देबनाथ ने 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। देबनाथ को 30,017 वोट मिले तथा माकपा के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।

बंगाल की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर भाजपा को बढ़त

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर शुक्रवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ने बढ़त हासिल कर ली है। दो चरण की गणना के बाद भाजपा उम्मीदवार तापसी रॉय 1,085 मतों से आगे हैं। तृणमूल कांग्रेस के निर्मल चंद्र रॉय दूसरे स्थान पर हैं जबकि कांग्रेस समर्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय तीसरे स्थान पर हैं।