Breaking News

गिरिराज सिंह का सीएम नीतीश पर तंज, कहा.-पीएम को हराने की बात करते है, 85 से 43 विधायक वाली पार्टी हो गई जदयू

पटना, । बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद बीजेपी और सत्ता पक्ष के बीच लगातार सियासी बयानबाजी जारी है। दोनों तरफ से सियासी तीन चलाए जा रहे हैं। मणिपुर में जेडीयू के पांच विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद बिहार में सियासत और गर्म हो गई। सीएम नीतीश कुमार की तरफ से कहा गया कि 2024 में भाजपा को 50 सीटों पर समेट दिया जाएगा। इस पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि राजनीतिक दलों को अधिकार है कि वो विपक्ष की पार्टियों के खिलाफ बयानबाजी करें। गिरिराज सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश 15-20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। 2010 में जदयू ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन आज उनकी पार्टी के 43 विधायक हैं।गिरिराज सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि आज तक जदयू कभी अकेले अपने दम पर चुनावी मैदान में नहीं उतरी और बात की जा रही है पीएम मोदी को हराने की। बिहार में सियासी गठबंधन बदलने के बाद से ही गिरिराज सिंह लगातार सत्ता पक्ष पर हमलावर हैं। इससे पहले उन्होंने यूपी की तर्ज पर बिहार के मदरसों की भी जांच करवाने की मांग की थी।

बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने शनिवार को भी सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी पर हमला बोला था। वो बाढ़ प्रभावित प्रखंड शाम्हो में पीड़ितों का हालचाल जानने पहंचे थे।इस दौरान उन्होंने कहा था कि बिहार में गलबहियां सरकार बनने के बाद चाचा मुख्यमंत्री और भतीजा उपमुख्यमंत्री हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राघोपुर जाकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने गए थे तो उन्हें शाम्हो भी आना चाहिए था। यहां भी बिहार के ही लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि जिला के प्रभारी सह विधि मंत्री भी आए तो बेगूसराय से ही लौट गए। सांसद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और यह भेदभाव नहीं होना चाहिए।