Breaking News

भाजपा में शामिल हुए दारा सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

लखनऊ सपा विधायक दारा सिंह चौहान आज भाजपा में शामिल हो गए। उनका योगी मंत्रिमंडल में शामिल होना तय माना जा रहा है। उन्होंने सोमवार को यूपी के विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वह मऊ की घोसी सीट से विधायक चुने गए थे।

सपा विधायक दारा सिंह चौहान आज भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके पहले उन्होंने यूपी के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंपा। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद थे। दारा सिंह चौहान मऊ की घोसी सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने शनिवार को भी ई-मेल से इस्तीफा भेजा था। कहा जा रहा है कि पूर्वांचल के चौहान (नोनिया) वोट बैंक पर मजबूत पकड़ रखने वाले दारा सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

भाजपा में शामिल होने पर दारा सिंह चौहान ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के तमाम मुल्क भारत के पीछे चलने के लिए तैयार हैं। जिस तरह मोदी जी और गृहमंत्री अमित शाह काम कर रहे हैं उससे 2024 में तीसरी बार मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के सिपाही के रूप में मेरी घर वापसी हुई है। आगामी चुनाव में भाजपा यूपी में 80 में से 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि दारा सिंह चौहान प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों में योगदान देने के लिए आए हैं। उनका आगमन भाजपा को और मजबृत करेगा।
2024 में यूपी में एकतरफा कमल खिलेगा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान का भाजपा परिवार में स्वागत है। 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा ने 73 सीटें जीती थीं। 2019 में महागठबंधन के सामने हमने 64 सीटें जीती। हम 2024 में तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने जा रहे हैं जिसके लिए 80 सांसदों की फौज खड़ी हो रही है।

मौर्य ने कहा कि दारा सिंह देश की राजनीति समझने वाले हैं। गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद हम समझ गए थे कि अब उनके भाजपा में शामिल होने में देर नहीं लगेगी। 2024 में यूपी में एकतरफा कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष की बैठक बैंगलौर में है। उसका कोई मतलब नहीं है। सभी एक दूसरे पर शर्तें थोप रहे हैं।